आज की ताजा खबर

नीलगाय और आवारा गोवंश के आतंक से खेती करना हुआ मुश्किल, रातभर खेतों की रखवाली कर रहे किसान

top-news

सहार क्षेत्र के कई गांवों में फसलों को पहुंचा रहे नुकसान, ग्रामीणों ने प्रशासन से गौशालाओं में गोवंश संरक्षित कराने की उठाई मांग

रोशनलाल राजपूत

सहार औरैया। क्षेत्र के गपचरियापुर, पुरवा कड़ा, पुरवा बक्सा, पुरवा ललऊ सहित आसपास के गांवों में वनरोज (नीलगाय) और आवारा गोवंश किसानों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। खेतों में खड़ी फसलों को बचाने के लिए किसान दिन-रात रखवाली करने को मजबूर हैं। इसके बावजूद नीलगायों के झुंड और आवारा गोवंश खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों की मेहनत और लागत पर पानी फिर रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि फसल की बुवाई से लेकर कटाई तक खेतों की निगरानी करनी पड़ती है। नीलगायों के झुंड अचानक खेतों में पहुंचकर खड़ी फसलों को रौंद देते हैं और उन्हें खाकर नष्ट कर देते हैं। वहीं आवारा गोवंश भी खेतों में घुसकर फसल बर्बाद कर रहे हैं। किसानों को रातभर जागकर खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है। इसके बावजूद उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसान रमेश चंद्र ने बताया कि नीलगाय और आवारा गोवंश के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। प्रशासन को गोवंश को गौशालाओं में पहुंचाने के साथ फसलों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। मुन्नू पुत्र जयराम ने कहा कि दिन-रात मेहनत करने के बाद भी फसल सुरक्षित नहीं रह पा रही है। किसान रातभर जागने को मजबूर हैं।

ददवल पुत्र लल्लूराम ने कहा कि खेती करना अब चुनौती बनता जा रहा है। फसल उगते ही नीलगाय और गोवंश उसे नष्ट करने लगते हैं। शिवेंद्र सिंह ने बताया कि नीलगायों के झुंड से फसलों को बचाना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान कराने और आवारा गोवंश को पकड़वाकर गौशालाओं में संरक्षित कराने की मांग की है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *