आज की ताजा खबर

पिकिया नदी के पकड़िया घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

top-news

निर्जला व्रत रखकर महिलाओं ने पुत्रों की दीर्घायु और संतान सुख की कामना की

राजेसुल्तानपुर पुलिस ने घाटों पर संभाली सुरक्षा व्यवस्था, गोताखोर भी रहे तैनात

लालमणि गोंड

आलापुर (अंबेडकरनगर)। आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ क्षेत्र में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ शुरू हुए पर्व के तीसरे दिन शनिवार को विकास खंड जहांगीरगंज के पिकिया नदी तट स्थित पकड़िया घाट के श्री हनुमान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। यहां व्रती महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को विधि-विधान से अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, पुत्रों की दीर्घायु तथा संतान सुख की कामना की।


छठ पूजा के अवसर पर घाट पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। ढोल-ताशों और डीजे की धुन के बीच महिला-पुरुष सिर पर पूजन सामग्री से सजे डाले लेकर घाट पहुंचे। व्रती महिलाएं पिकिया नदी की जलधारा में खड़ी होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पूजन में जुटीं। पूजा की थालियों और सूप में गन्ना, नारियल, अनानास, सिंघाड़ा, सेब, केला सहित विभिन्न फल रखे गए। इसके अलावा गुड़ से बने ठेकुआ, चावल के लड्डू और अन्य प्रसाद अर्पित कर धूप-दीप और कुमकुम के साथ सूर्य नारायण की आराधना की गई।

पर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह उदयाचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया जाएगा। व्रती महिलाएं परंपरागत पूजन-अर्चन और अनुष्ठान की पूर्णाहुति के साथ अपना व्रत पूरा करेंगी।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए राजेसुल्तानपुर थाने की पुलिस ने घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम किए। थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय क्षेत्र के विभिन्न घाटों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। घाटों पर पर्याप्त संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। नदी में सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय गोताखोरों की टीम भी सक्रिय रही।

इस अवसर पर पुजारी मंडले तिवारी, ग्राम प्रधान भुवाल गोंड, लालता प्रसाद वर्मा, अनूप गोंड, शशांकमणि गोंड, हिमांशु यादव, राकेश प्रजापति, विष्णु यादव सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *