आज की ताजा खबर

उत्तराखंड मंडल समिति, आईआईटी कानपुर द्वारा दीपावली भेंटघाट कार्यक्रम का आयोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेल गतिविधियों ने बांधा समां

top-news

 लोक भारती न्यूज ब्यूरो 

कानपुर ।  उत्तराखंड मंडल समिति, आईआईटी कानपुर के तत्वावधान में आज दीपावली भेंटघाट कार्यक्रम का हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आईआईटी कानपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोगों और आई आई टी कानपुर में अध्यापन कर रहे उत्तराखण्डी छात्रों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता की सुंदर झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के अध्यक्ष प्रो. भारत लोहनी के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने उपस्थित सदस्यों एवं परिवारों का स्वागत करते हुए दीपावली के इस मिलन समारोह को आपसी मेलजोल, सांस्कृतिक जुड़ाव और सामाजिक समरसता का महत्वपूर्ण अवसर बताया।


कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं एवं विकास से जुड़े विषयों पर रोचक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं, नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्तराखंडी लोकगीतों एवं संगीत की धुनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया और खूब तालियां बटोरीं। इस अवसर पर समाज के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए समिति की ओर से सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विभिन्न मनोरंजक खेल गतिविधियां रहीं, जिनमें उपस्थित सभी आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इन गतिविधियों ने कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और पारिवारिक आत्मीयता का माहौल बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन हीरा सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के महामंत्री बलराम सिंह रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र थपलियाल एवं गिरीश पंत, कोषाध्यक्ष संदीप बोरा, राकेश थपलियाल, राजू रावत, कुशल सिंह बसेड़ा, मनोज दुकलान, त्रिलोक सिंह, सुंदर सिंह सहित समिति के अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ, जहां सभी ने आपसी सौहार्द एवं आत्मीयता के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *