आज की ताजा खबर

शादी से एक सप्ताह पहले युवक की संदिग्ध मौत, घर से 30 मीटर दूर मिला शव

top-news

डीजे की तेज आवाज को लेकर पड़ोसियों से हुआ था विवाद, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा, हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ

लालमणि गोंड

 आलापुर (अंबेडकरनगर)। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बनकटा बुजुर्ग गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक डीजे संचालक युवक का शव उसके घर से करीब 30 मीटर दूर मिला। मृतक की शादी 25/26 नवंबर को तय थी और परिवार में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। शादी से महज एक सप्ताह पहले युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

मृतक की पहचान बनकटा बुजुर्ग निवासी पिटू गौतम पुत्र स्वर्गीय लालचंद गौतम के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, पिटू डीजे संचालन का काम करता था। छठ पर्व पर डीजे बजाने के बाद वह देर रात घर लौटा था। इसके बाद वह अपने घर में डीजे बजा रहा था। तेज आवाज को लेकर पड़ोसियों से उसकी कहासुनी हो गई थी। कुछ देर बाद वह घर के बाहर सोने चला गया।

परिजनों का आरोप है कि रविवार देर रात पड़ोसियों ने पिटू के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को घर से करीब 30 मीटर दूर फेंक दिया गया। सोमवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने शव देखा तो गांव में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर राजेसुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि डीजे बजाने को लेकर रात में विवाद हुआ था। युवक की हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई।

थानाध्यक्ष के अनुसार, मामले में चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर घटना की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *