आज की ताजा खबर

यूपी में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, मतदाताओं की संख्या में 18.84 लाख का इजाफा

top-news

पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या में ज्यादा बढ़ोतरी, प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों की सूची जारी

 रजत सिन्हा 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एस आई आर ) के बाद प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में कुल 18 लाख 84 हजार 113 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा सीटों की प्रारूप मतदाता सूची जारी कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची में 7 लाख 87 हजार 449 पुरुष और 10 लाख 96 हजार 828 महिला मतदाताओं के नाम बढ़े हैं। इस तरह पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या में अधिक वृद्धि हुई है।


मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, प्रदेश के 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों पर तैनात बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ ) के पास ड्राफ्ट मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। बीएलओ 17 से 20 नवंबर तक टेबल टॉप एक्सरसाइज के जरिए सूची में दर्ज नामों और अन्य विवरणों की जांच करेंगे। इस दौरान गलतियों की पहचान कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए ) नियुक्त करने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में उन्हें मतदाता सूची उपलब्ध कराने के साथ ही पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा आम नागरिक भी अपने जिले के निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट देख सकेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन करना, उसमें मौजूद त्रुटियों को दूर करना और सभी पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल करना है, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त किया जा सके।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *