आज की ताजा खबर

गंभीर गठिया से टेढ़ा हो गया था घुटना,ऑपरेशन के अगले दिन चलने लगी महिला

top-news

एसआरएन अस्पताल में आधुनिक तकनीक से सफल घुटना प्रत्यारोपण, पांचवें दिन मिली छुट्टी

 पवन द्विवेदी

प्रयागराज। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से संबद्ध स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) के अस्थि रोग विभाग के चिकित्सकों ने गंभीर गठिया से पीड़ित 62 वर्षीय महिला के घुटने का जटिल प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किया है। झूंसी निवासी महिला का बायां घुटना गंभीर रूप से टेढ़ा हो गया था और वह उसे पूरी तरह सीधा भी नहीं कर पा रही थी। चिकित्सकों ने आधुनिक क्रूसिएट रिटेनिंग (सीआर) तकनीक से घुटने का प्रत्यारोपण किया। ऑपरेशन के अगले ही दिन ही महिला ने सहारे से चलना शुरू कर दिया और पांचवें दिन उसको अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जांच में महिला को ग्रेड-4 ऑस्टियोआर्थराइटिस पाया गया, जिसमें घुटने की हड्डियों के बीच मौजूद कार्टिलेज अत्यधिक क्षतिग्रस्त हो जाता है। इसके कारण महिला लंबे समय से दर्द और चलने-फिरने में परेशानी से जूझ रही थी।

ऑपरेशन करने वाले अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से टेढ़े घुटने में प्रत्यारोपण चुनौतीपूर्ण होता है। सीआर तकनीक में घुटने के महत्वपूर्ण प्राकृतिक लिगामेंट (पीसीएल) को सुरक्षित रखा जाता है। इससे उपयुक्त मरीजों में हड्डियों का अधिक संरक्षण होने के साथ घुटने की स्वाभाविक कार्यक्षमता बनाए रखने में मदद मिल सकती है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ।

मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो.( डॉ.) एके वर्मा ने चिकित्सकीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि एसआरएन अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि प्रयागराज और आसपास के जिलों के मरीजों को जटिल ऑपरेशन के लिए बड़े शहरों में न जाना पड़े और उन्हें सरकारी अस्पताल में ही गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सके।

ऑपरेशन में अस्थि रोग विभाग के डॉ. आनंद कुमार, डॉ. आशुतोष और डॉ. जितेंद्र शामिल रहे। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. अभिजीत, डॉ. निखिल और डॉ.नन्हे के साथ ऑपरेशन थिएटर के नर्सिंग एवं तकनीकी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *