आज की ताजा खबर

सड़क पर मनमानी पड़ी भारी, 13 ओवरसाइज ट्रक सीज; सात कारों पर जुर्माना

top-news

सड़क सुरक्षा पखवाड़े में परिवहन विभाग का शिकंजा, तेज रफ्तार वाहनों के चालान; क्षमता से अधिक बच्चे बैठाने पर स्कूली वाहन भी पकड़ा

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा पखवाड़े में परिवहन विभाग ने नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसा। एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में निर्धारित मानकों से अधिक आकार के 13 ओवरसाइज ट्रक सीज किए गए। इन पर 1.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्धारित गति सीमा से तेज दौड़ रही सात कारों के चालान कर 14 हजार रुपये जुर्माना किया गया।

 

जांच के दौरान एक स्कूली वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे बैठे मिले। बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ पर वाहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस तरह विभाग ने कुल 1.29 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान ओवरसाइज वाहनों, तेज रफ्तार और स्कूली वाहनों की विशेष जांच की गई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग और निर्धारित मानकों के विपरीत चल रहे वाहनों पर सख्ती बरती जाए। स्कूली वाहनों की नियमित जांच कर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।

उल्लेखनीय है कि मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जनपद में 16 से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से गति सीमा का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने तथा ओवरलोडिंग से बचने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *