आज की ताजा खबर

विक्रांत सिंह परिहार की दमदार पैरवी से हाईकोर्ट में मिली बड़ी राहत, जोगेंद्र के खिलाफ पूरा मुकदमा निरस्त

top-news

सजा सुनाने के बाद धारा 319 में समन जारी करना निचली अदालत को पड़ा भारी, सुप्रीम कोर्ट की नजीर पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द की संपूर्ण कार्यवाही

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़ 

फर्रुखाबाद। न्यायिक प्रक्रिया में निर्धारित कानूनी प्रावधानों की अनदेखी निचली अदालत के आदेश पर भारी पड़ गई। सह-अभियुक्तों को सजा सुनाए जाने के बाद एक अन्य व्यक्ति को उसी मुकदमे में अभियुक्त बनाकर तलब करने के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने जोगेंद्र उर्फ योगेंद्र के खिलाफ जारी समन आदेश सहित संपूर्ण सत्र वाद की कार्यवाही निरस्त कर दी। इस मामले में हाईकोर्ट एडवोकेट विक्रांत सिंह परिहार की प्रभावी कानूनी पैरवी और सटीक दलीलें निर्णायक साबित हुईं। मुकदमे की पैरवी में फतेहगढ़ के जितेंद्र सिंह चौहान और राहुल परिहार भी शामिल रहे। न्यायमूर्ति सौरभ श्रीवास्तव ने चार नवंबर 2026 को यह आदेश पारित किया।

मामला मऊदरवाजा थाने में सात सितंबर 2017 को दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 405/2017 से जुड़ा है। इसमें आईपीसी की धारा 363 और 366 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने जोगेंद्र उर्फ योगेंद्र को कथित अपराध में शामिल नहीं पाया और उनके विरुद्ध आरोपपत्र दाखिल नहीं किया। वहीं अन्य आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल कर न्यायालय में मुकदमा चलाया गया।

विचारण न्यायालय ने 20 जुलाई 2026 को आरोपपत्र दाखिल अभियुक्तों को दोषी करार दिया और 22 जुलाई को उन्हें सजा सुना दी। खास बात यह रही कि सजा सुनाए जाने के बाद उसी दिन न्यायालय ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 319 के तहत जोगेंद्र उर्फ योगेंद्र को भी अतिरिक्त अभियुक्त के रूप में तलब कर लिया। इसी आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी।

धारा 319 के इस्तेमाल की समय-सीमा बनी फैसले का आधार

हाईकोर्ट में एडवोकेट विक्रांत सिंह परिहार ने सुप्रीम कोर्ट के महत्वपूर्ण फैसले सुखपाल सिंह खैरा बनाम पंजाब राज्य (2023) का हवाला देते हुए तर्क रखा कि धारा 319 के तहत न्यायालय को मुकदमे के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर किसी अन्य व्यक्ति को अभियुक्त बनाने का अधिकार है, लेकिन इस शक्ति का इस्तेमाल मुकदमे की समाप्ति से पहले होना चाहिए। दोषसिद्धि के मामले में सह-अभियुक्तों को सजा सुनाए जाने से पहले ही अतिरिक्त अभियुक्त को तलब करने का आदेश पारित किया जा सकता है। सजा सुनाए जाने के बाद जारी समन इस स्थापित कानूनी सिद्धांत के विपरीत है।

हाईकोर्ट ने इस दलील को स्वीकार करते हुए स्पष्ट किया कि समन आदेश उसी तारीख को पारित होने से उसकी वैधता नहीं बच सकती, क्योंकि घटनाक्रम में सह-अभियुक्तों को पहले सजा सुनाई गई और उसके बाद जोगेंद्र को तलब किया गया।

पूरा सत्र वाद निरस्त

अदालत ने सत्र वाद संख्या 447/2026 (राज्य बनाम जोगेंद्र उर्फ योगेंद्र व अन्य) की संपूर्ण कार्यवाही और चार अगस्त 2026 के समन आदेश को निरस्त कर दिया। हालांकि न्यायालय ने स्पष्ट किया कि इस आदेश में आरोपों के गुण-दोष पर कोई राय नहीं दी गई है। फैसला केवल धारा 319 के इस्तेमाल में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किए जाने के आधार पर दिया गया है।

विक्रांत सिंह परिहार की प्रभावी पैरवी से मिली इस राहत में सुप्रीम कोर्ट के स्थापित कानूनी सिद्धांत को आधार बनाकर निचली अदालत के आदेश को चुनौती दी गई, जिसे हाईकोर्ट ने स्वीकार कर लिया।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *