आज की ताजा खबर

जनगणना को जनांदोलन बनाने में जुटीं डीएम डॉ. अंकुर लाठर, विधायक सुशील शाक्य ने खुद की स्वगणना

top-news

प्रशासन ने संभाली जागरूकता की कमान, जनप्रतिनिधियों से आम नागरिकों तक पहुंचाया जा रहा संदेश; हर परिवार को अभियान से जोड़ने की तैयारी

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद l जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने जनपद में जनजागरूकता की मुहिम तेज कर दी है। स्वगणना को लेकर प्रशासनिक सक्रियता के साथ जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देशन में अभियान को जनपदव्यापी स्वरूप देने की कवायद चल रही है, ताकि जनगणना महज सरकारी प्रक्रिया बनकर न रह जाए, बल्कि प्रत्येक परिवार और नागरिक की भागीदारी से राष्ट्रीय अभियान का रूप ले सके। इसी क्रम में बुधवार को अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य ने स्वयं स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर लोगों को आगे आने का संदेश दिया।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू ने विधायक को ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया। विधायक ने स्वगणना पूरी करने के बाद जनपदवासियों से अपील की कि वे भी अपनी और परिवार की सही एवं पूरी जानकारी दर्ज कराएं। साथ ही आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने में सहयोग करें।


विकास की योजनाओं का आधार बनेगी जनगणना

विधायक सुशील कुमार शाक्य ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या का आंकड़ा जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि देश के सामाजिक और आर्थिक स्वरूप की वास्तविक तस्वीर सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसी के आधार पर भविष्य की विकास योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा तय होती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की सही जानकारी देश के बेहतर भविष्य के निर्माण में योगदान देगी।

डीएम ने प्रशासनिक मशीनरी को किया सक्रिय

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में जनगणना-2027 को लेकर जनपद में जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों के माध्यम से अभियान की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के साथ जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी बढ़ाई जा रही है। स्वगणना की ऑनलाइन प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाने और लोगों को इसके लिए प्रेरित करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।

जिलाधिकारी की पहल का मकसद साफ है कि जनगणना में कोई भी पात्र परिवार छूटने न पाए और प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इस राष्ट्रीय कार्य में भागीदारी निभाए। प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि स्वगणना को अपनी जिम्मेदारी समझें और सही जानकारी दर्ज कराकर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनें।

जनगणना में हर नागरिक की भागीदारी, देश के बेहतर भविष्य की तैयारी।


 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *