आज की ताजा खबर

डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने कसा शिकंजा, आबकारी टीम ने शराब की दुकानों पर की ताबड़तोड़ छापेमारी

top-news

स्टॉक रजिस्टर से लेकर बिक्री के हिसाब तक खंगाले, पीओएस मशीन और सीसीटीवी कैमरों की भी हुई जांच; नियमों की अनदेखी पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़ 

 फर्रुखाबाद l जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सख्त रुख अपनाया है। उनके निर्देश पर आबकारी विभाग ने निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई तेज कर दी है। शराब की दुकानों पर लगातार औचक छापेमारी कर स्टॉक, बिक्री व्यवस्था और अभिलेखों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। प्रशासन की मंशा साफ है कि अवैध शराब के कारोबार के साथ आबकारी नियमों की अनदेखी करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए।

इसी क्रम में मंगलवार को जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के पर्यवेक्षण में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने टीम के साथ विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों पर औचक निरीक्षण किया। टीम ने खुम्मरपुर, बघौना, नवाबगंज, महमदपुर धनी, मई रशीदपुर, अचरा, उम्मरपुर, ज्योना, नौगांव, चंदनी, उखरा और राजारामपुर मई स्थित देशी शराब की दुकानों की जांच की। इसके अलावा बघौना, नवाबगंज, महमदपुर धनी, अचरा, उम्मरपुर और करनपुर मजरा बांसमई स्थित कंपोजिट दुकानों को भी जांच के दायरे में लिया गया।


स्टॉक से बिक्री तक हर व्यवस्था की पड़ताल

आबकारी टीम ने दुकानों में उपलब्ध मदिरा का स्टॉक रजिस्टर में दर्ज विवरण से मिलान किया। ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से होने वाली बिक्री और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी परखी गई। देशी शराब की दुकानों से जुड़ी कैंटीनों की सघन जांच की गई। संबंधित अनुज्ञापियों को निर्देश दिए गए कि स्टॉक एवं बिक्री से जुड़े अभिलेख अद्यतन रखें और शासन के निर्धारित नियमों तथा मानकों का पूरी तरह पालन करें।

गड़बड़ी मिली तो नहीं मिलेगी रियायत

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि स्टॉक में अंतर, बिक्री व्यवस्था में अनियमितता अथवा आबकारी नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के साथ अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान जारी रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में आबकारी विभाग की लगातार सक्रियता से शराब की दुकानों की निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई को गति मिली है। प्रशासन का लक्ष्य अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के साथ लाइसेंसी दुकानों की बिक्री व्यवस्था को पारदर्शी और नियमबद्ध बनाए रखना है। अधिकारियों ने साफ किया है कि इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *