आज की ताजा खबर

तिलक समारोह से लौट रहे युवक की हादसे में मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से बुझा घर का चिराग

top-news

सड़क सुरक्षा पखवाड़े के बावजूद गांवों तक नहीं पहुंची जागरूकता की मुहिम, कार्यशालाएं लगाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की जरूरत

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद। अमृतपुर-बदायूं मार्ग पर गांव कलेक्टरगंज के सामने बुधवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह भतीजे के तिलक समारोह से घर लौट रहा था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घर में 21 नवंबर को होने वाली शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया।

राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव उजरा मऊ निवासी पंकज यादव पुत्र रामनारायण 16 नवंबर को भतीजे कृष्णा यादव के तिलक समारोह में शामिल होने शरीफपुर मंझा गए थे। बुधवार को वह बाइक से घर लौट रहे थे। गांव कलेक्टरगंज के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया। उपनिरीक्षक सुरेश कुमार ने आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। घटना की जानकारी मिलने पर पंकज के भाई होमगार्ड उपेंद्र यादव और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। पत्नी अंजली, दो बेटे आकाश और विकास, बेटी मुस्कान तथा मां गुड्डी का रो-रोकर बुरा हाल है। करीब दस वर्ष पहले पंकज की शादी हुई थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।


सड़क सुरक्षा पखवाड़े के बावजूद गांवों तक नहीं पहुंच रही जागरूकता की मुहिम

जिले में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा चलाया जा रहा है, लेकिन इसका असर गांवों और कस्बों तक कितना पहुंच रहा है, यह बड़ा सवाल है। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए केवल औपचारिक अभियान चलाना पर्याप्त नहीं है। जरूरत है कि गांव-गांव चौपाल और कार्यशालाएं आयोजित कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। आबादी वाले क्षेत्रों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेतक भी लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को पहले से सतर्क किया जा सके।

हेलमेट और सीट बेल्ट की अनदेखी पड़ सकती है भारी

दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग जीवन रक्षा के लिए बेहद जरूरी है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग इन नियमों की अनदेखी करते हैं। पंकज के हादसे में हेलमेट न पहनने की बात भी सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी अक्सर गंभीर हादसों का कारण बनती है। ऐसे में जागरूकता के साथ नियमों का पालन सुनिश्चित कराना भी जरूरी है।

गांव-गांव कार्यशालाएं लगें, तभी सार्थक होगा अभियान

सड़क सुरक्षा का संदेश शहरों तक सीमित न रहकर गांवों की गलियों और संपर्क मार्गों तक पहुंचना चाहिए। युवाओं को तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी के खतरों से अवगत कराना जरूरी है। विद्यालयों, बाजारों और ग्राम पंचायतों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही प्रमुख मार्गों पर संकेतक लगाने और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है। तभी सड़क सुरक्षा पखवाड़े का उद्देश्य सार्थक होगा और अनमोल जिंदगियों को असमय काल के गाल में समाने से बचाया जा सकेगा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *