आज की ताजा खबर

स्व इंदिरा गांधी की जयंती पर बडी संख्या में लोगों ने आनंद भवन में दी श्रद्धांजलि किए गये विकास कार्यो को किया याद

top-news

इंदिरा गांधी ने 14 दिन के अंदर दुनिया के भूगोल को बदल दिया था : प्रमोद तिवारी

पवन द्विवेदी

प्रयागराज। देश की पूर्व प्रधानमंत्री और आयरन लेडी  स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती आज उनकी जन्मस्थली और कर्म स्थली संगम नगरी प्रयागराज में आज श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस मौके पर पं नेहरू - गांधी खानदान के पैतृक आवास आनंद भवन में स्वर्गीय इंदिरा गांधी के चित्र पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में डिप्टी लीडर प्रमोद तिवारी के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस जनों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर कांग्रेसियों ने उनके त्याग और बलिदान को भी याद किया। कांग्रेस जनों ने स्व इंदिरा गांधी के बताए मार्ग पर चलने का भी संकल्प लिया।


इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि हम लोग उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने आए हैं। इंदिरा गांधी ने 14 दिन के अंदर दुनिया के भूगोल को बदल दिया था। उन्होंने 1971 में पाकिस्तान के दो टुकड़े कर बांग्लादेश को जन्म दिया। गरीबी हटाओ का नारा दिया और लोगों की मदद की। इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया। उनके द्वारा बनाई गयी संस्थाओं से भारत मजबूत हुआ और दुनिया में भारत की तस्वीर बदली। उन्होंने कहा कि आज स्वर्गीय इंदिरा गांधी के आदर्शों की देश को सबसे ज्यादा जरूरत है। उन्होंने कहा क्योंकि कुछ दिन पहले जब देश में आतंकी हमला हुआ था। उसके कुछ दिन बाद भारतीय सेना और प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर किया था।


चौथे दिन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का संदेश आया कि मैं युद्ध रोकने के लिए कह दिया है। हालांकि भारत सरकार ने पहले नहीं माना था। लेकिन बाद में उसे भी मानना पड़ा। उन्होंने कहा कि उस दौर में इंदिरा गांधी की बहुत याद आई। क्योंकि तत्कालीन अमेरिका के राष्ट्रपति ने बांग्लादेश के निर्माण पर उन्हें सिर्फ कहा नहीं था बल्कि सातवां बेड़ा भेज दिया था। लेकिन इंदिरा जी ने कहा कि आने दो भारत की सेना सक्षम है। उन्होंने कहा कि आज उसी इच्छा शक्ति और गरीबी हटाओ की इस देश को सबसे ज्यादा जरूरत है। बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया था और बीजेपी सरकार बैंकों को बेच रही है।

वहीं सपा नेता आजम खान को जेल से रिहा होने के बाद दोबारा ईडी जेल भेजे जाने और बाद में हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद रिहा होने पर कहा है कि बीजेपी अपने विरोधियों को हर तरह से प्रताड़ित करती है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने भी ईडी से पूछा है कि ऐसी क्या जरूरत थी कि बिना तैयारी के गिरफ्तार कर लिया। हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत मिलने के ईडी सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई और सुप्रीम कोर्ट ने भी टिप्पणी की कि ऐसी कौन सी आफत आ जाएगी अगर आजम खान जेल से बाहर हो गए। उन्होंने कहा कि आजम खान की अंतरिम जमानत बीजेपी की केन्द्र और प्रदेश के मुंह पर झन्नाटेदार तमाचा है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के फैसले का सम्मान होना चाहिए।


सपा नेता मो आजम खान के रिहा होने के बाद दिए गए बयान कि अब यूपी चुनाव में इंकलाब होगा का प्रमोद तिवारी ने समर्थन किया है उन्होंने कहा है कि जनता भी तैयार बैठी है। उन्होंने दावा किया कांग्रेस और समाजवादी गठबंधन यूपी में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार के खिलाफ लोगों में गुस्सा और नाराजगी है।

उन्होंने कहा कि आजम खान के रिहाई सपा के लिए भी अच्छी है और उत्तर प्रदेश के लिए भी अच्छी है।

यूपी चुनाव में कांग्रेस और सपा के गठबंधन के सवाल पर प्रमोद तिवारी ने कहा है कि गठबंधन हो चुका है। अब सिर्फ सीट शेयरिंग का सवाल है। वह भी जल्द हो जाएगा और हम उन सीटों पर लड़ेंगे जो सीटें एक दूसरे को हम जिता सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा में जो गठबंधन हुआ था वह गठबंधन टूटा ही नहीं है इसलिए गठबंधन हो चुका है। उन्होंने कहा कि इंडिया एलायंस का पहला उद्देश्य है कि हम भाजपा की सांप्रदायिकता और उसके जुल्म से जनता को बचाने के लिए काम करें।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *