आज की ताजा खबर

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में सड़क सुरक्षा अभियान तेज, नाबालिग को वाहन थमाया तो अभिभावकों को होगी तीन साल की जेल, 25 हजार जुर्माना

top-news

लॉरेन्स पब्लिक स्कूल में 1200 विद्यार्थियों को दिलाई गई यातायात नियमों के पालन की शपथ, एआरटीओ ने दी सख्त चेतावनी; जिले में दोपहिया वाहनों से जुड़े 65.80 प्रतिशत हादसे

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

 फर्रुखाबाद l सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में संचालित सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत गुरुवार को श्यामनगर स्थित लॉरेन्स पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 1200 छात्र-छात्राओं को सुरक्षित यातायात की शपथ दिलाई गई। इस दौरान एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने अभिभावकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए देना महंगा पड़ सकता है। ऐसे मामलों में संरक्षक अथवा वाहन स्वामी को तीन वर्ष तक का कारावास और 25 हजार रुपये तक का जुर्माना भुगतना पड़ सकता है।

16 से 30 नवंबर तक चल रहे पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में एआरटीओ ने कहा कि सड़क पर बरती गई जरा सी असावधानी किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी न केवल चालक, बल्कि राहगीरों की जान भी जोखिम में डालती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं अनुशासित वाहन व्यवहार अपनाने और अपने परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

यातायात निरीक्षक ओम प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि लापरवाही, निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन और वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल हादसों की प्रमुख वजह हैं। नशे की हालत में गाड़ी चलाना भी गंभीर खतरे को आमंत्रित करता है। दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं तथा वाहन के सभी आवश्यक अभिलेख पूर्ण रखें।


383 हादसों में 222 लोगों की गई जान

एआरटीओ ने बताया कि अक्टूबर 2026 तक जिले में 383 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 222 लोगों की मृत्यु हुई। जबकि वर्ष 2025 की समान अवधि में 395 हादसों में 226 लोगों की जान गई थी। तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष दुर्घटनाओं में 3.03 प्रतिशत और मृतकों की संख्या में 1.76 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इसके बावजूद हादसों में होने वाली जनहानि गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है।

दोपहिया वाहन बने हादसों की बड़ी वजह

आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2026 में अक्टूबर तक हुई 383 दुर्घटनाओं में 252 में कम से कम एक दोपहिया वाहन शामिल था। यह कुल हादसों का 65.80 प्रतिशत है। इनमें दोपहिया वाहन सवार 148 लोगों की मृत्यु हुई और 208 घायल हुए। कुल 222 मृतकों में 66.67 प्रतिशत दोपहिया सवार थे। इसके अलावा 47 दुर्घटनाएं ऐसी हुईं, जिनमें दोनों वाहन दोपहिया थे। इनमें 38 लोगों की मौत और 44 लोग घायल हुए।

एआरटीओ ने विद्यार्थियों को समझाया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का जरिया नहीं, बल्कि दुर्घटना के समय सिर को गंभीर चोट से बचाकर जीवन सुरक्षित रखने का प्रभावी साधन है।


नाबालिग को वाहन देने पर अभिभावकों पर भी कार्रवाई

मोटर वाहन संशोधन अधिनियम-2019 की धारा 199क के प्रावधानों की जानकारी देते हुए सुभाष राजपूत ने बताया कि अवयस्क के बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाते पकड़े जाने पर उसके संरक्षक अथवा वाहन स्वामी को भी जिम्मेदार ठहराया जाएगा। ऐसे मामलों में तीन वर्ष तक के कारावास और 25 हजार रुपये तक के अर्थदंड का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त संबंधित वाहन का पंजीयन एक वर्ष के लिए निरस्त किया जा सकता है तथा किशोर को 25 वर्ष की आयु पूरी होने तक ड्राइविंग लाइसेंस जारी नहीं किया जाएगा।

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन न सौंपने की अपील की। कहा कि कम उम्र में वाहन चलाने की छूट देना बच्चे के साथ अन्य लोगों की जिंदगी को भी खतरे में डाल सकता है।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। सभी ने यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत, यातायात निरीक्षक ओम प्रकाश पाण्डेय, विद्यालय निदेशक अभिनव कनौजिया, प्रधानाचार्य एसपी सिंह, उप प्रधानाचार्य तारकेश्वर सिंह, शिक्षकगण, विद्यालय कर्मचारी और स्कूल बसों के चालक मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *