आज की ताजा खबर

विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने खुद दर्ज कराया परिवार का ब्योरा, बोले- जनगणना के सटीक आंकड़ों से तय होगा विकास का खाका

top-news

जनगणना-2027 की स्वगणना में निभाई सहभागिता, जनपदवासियों से भी आगे आने की अपील; शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं की भावी योजनाओं का बनेगा आधार

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

 फर्रुखाबाद l जनगणना के आंकड़े ही विकास की भावी तस्वीर तय करेंगे। आबादी के सही आकलन से ही यह निर्धारित होगा कि किस क्षेत्र को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कितनी जरूरत है। इसी महत्व को रेखांकित करते हुए भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने गुरुवार को भारत की जनगणना-2027 के तहत स्वयं स्वगणना की और ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज कराया। उन्होंने जनपदवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।


विधायक ने कहा कि जनगणना महज जनसंख्या की गिनती नहीं, बल्कि राष्ट्र के सामाजिक और आर्थिक विकास की मजबूत आधारशिला है। इससे प्राप्त सटीक आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य की विकास योजनाओं का स्वरूप निर्धारित होता है। सरकारी संसाधनों का उचित नियोजन और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन भी विश्वसनीय आंकड़ों पर निर्भर करता है।

उन्होंने कहा कि स्वगणना की ऑनलाइन सुविधा नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने का सरल अवसर उपलब्ध कराती है। प्रत्येक परिवार को निर्धारित समयावधि में इस प्रक्रिया को पूरा करना चाहिए, ताकि जनगणना के आंकड़ों में वास्तविक स्थिति का सही प्रतिबिंब सामने आ सके।

विधायक ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, शिक्षकों और व्यापारियों से अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सही जानकारी देना प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है। जनगणना में लापरवाही का असर भविष्य की विकास योजनाओं पर पड़ सकता है। इसलिए इसे केवल सरकारी औपचारिकता न समझें, बल्कि राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

जिला प्रशासन की ओर से भी स्वगणना अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। विधायक ने लोगों से स्वयं स्वगणना करने के साथ परिवार और पड़ोसियों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *