आज की ताजा खबर

सीतापुर में बेकाबू डीसीएम का कहर, कई वाहनों को रौंदने के बाद पलटी; एक की मौत, छह से अधिक घायल

top-news

आलू से लदी तेज रफ्तार डीसीएम ने कारों, ई-रिक्शा और साइकिल सवार को मारी टक्कर

मछरेहटा सीएचसी से गौरिया तिराहे तक मची अफरा-तफरी, गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया

अनुराग मिश्रा 

सीतापुर। मछरेहटा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे आलू से लदी तेज रफ्तार डीसीएम ने सड़क पर जमकर तबाही मचाई। अनियंत्रित डीसीएम ने रास्ते में कई कारों, ई-रिक्शा और साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में एक राहगीर की मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कार सड़क किनारे खाई में जा गिरी और कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। लगातार वाहनों को टक्कर मारने के बाद डीसीएम गौरिया तिराहे के पास पलट गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


मछरेहटा सीएचसी से गौरिया तिराहे तक कई वाहनों को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, आलू से लदी डीसीएम कल्ली चौराहे से मछरेहटा होते हुए खैराबाद की ओर जा रही थी। इसी दौरान मछरेहटा सीएचसी के पास डीसीएम ने शीबू की कार को टक्कर मार दी। इसके बाद आदिलपुर चौराहे पर एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें सवार पांच लोग घायल हो गए।

डीसीएम इसके बाद भी नहीं रुकी और आगे बढ़ते हुए रिंकू राठौर की कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से कार सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इसी दौरान साइकिल सवार नेक राम भी डीसीएम की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद डीसीएम गौरिया तिराहे के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।


अस्पताल में शोभरन ने तोड़ा दम, गंभीर घायलों को किया गया रेफर

हादसे में आदिलपुर निवासी शोभरन की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घायल अवस्था में जिला अस्पताल ले जाए गए शोभरन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, गद्दीपुर निवासी मुलचंद्र, धहराऊ निवासी नेक राम, कटिया निवासी गुड्डू समेत महेश, प्रदीप और अन्य लोग घायल हुए हैं। डीसीएम चालक की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही मछरेहटा थाना अध्यक्ष श्याम दास वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। खैराबाद पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली। एसडीएम मिश्रिख दीपक कुमार गुप्ता और सीओ विशाल गुप्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

सीएचसी अधीक्षक डॉ कमलेश कुमार के मुताबिक, सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *