आज की ताजा खबर

यंत्रीकृत गन्ना कटाई की दिशा में आईपीएल ने बढ़ाया बड़ा कदम

top-news

कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने किसान सम्मेलन का किया उद्घाटन, आधुनिक गन्ना हार्वेस्टर के संचालन का किया शुभारंभ; पांच वर्षों में 50 प्रतिशत गन्ना क्षेत्र को मशीनों से काटने का लक्ष्य

मोहम्मद नईम 

खड्डा, कुशीनगर। गन्ना किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और गन्ना उत्पादन को आधुनिक एवं टिकाऊ बनाने की दिशा में इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में बुधवार को खड्डा चीनी मिल परिसर में विशाल गन्ना किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के.पी. सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने आधुनिक गन्ना हार्वेस्टर के संचालन का विधिवत शुभारंभ भी किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में गन्ना किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य कृषि वैज्ञानिक डॉ. यू.एस. तेवतिया, विधायक विवेकानंद पांडेय, ब्लॉक प्रमुख शशांक दुबे, डॉ. नीलेश मिश्रा, सुप्रिमय मालवीय, दुर्गेश्वर वर्मा, समीर सिंह, उप गन्ना आयुक्त ए.पी. सिंह, जिला गन्ना अधिकारी हुदा सिद्दीकी तथा चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक विकास कुमार चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर प्रधान प्रबंधक विकास कुमार चौधरी ने अतिथियों को स्मृति चिह्न, शॉल और बुके देकर सम्मानित किया। वहीं सम्मेलन में शामिल किसानों को आईपीएल की ओर से बैग, कंबल और कैप वितरित किए गए। लकी ड्रॉ के माध्यम से विजेता किसानों को दीवार घड़ी देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुधीर कुमार ने किया।


यंत्रीकृत कटाई से खेती होगी अधिक लाभकारी

आईपीएल के मुख्य कृषि वैज्ञानिक डॉ. यू.एस. तेवतिया ने यंत्रीकृत गन्ना कटाई के वैज्ञानिक एवं आर्थिक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों को आधुनिक गन्ना हार्वेस्टर की कार्यप्रणाली, तकनीकी विशेषताओं, सही संचालन और इससे होने वाले आर्थिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यंत्रीकरण को केवल पारंपरिक श्रम के विकल्प के रूप में नहीं देखना चाहिए, बल्कि यह गन्ना उत्पादन की पूरी प्रक्रिया को अधिक उत्पादक, लाभकारी और टिकाऊ बनाने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने खेत की उचित तैयारी, मशीन के सही संचालन, गन्ने की कटाई की निर्धारित ऊंचाई, ठूंठ (स्टबल) को क्षति से बचाने, पेड़ी फसल के बेहतर प्रबंधन तथा फसल अवशेषों के वैज्ञानिक उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन क्षमता बढ़ाने की अपील की।


पांच वर्षों में 50 प्रतिशत गन्ना क्षेत्र में यंत्रीकरण का लक्ष्य

आईपीएल अपने प्रबंध निदेशक संजीव वर्मा के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश, गुजरात, बिहार और ओडिशा स्थित अपनी चीनी मिलों के कार्यक्षेत्र में यंत्रीकृत गन्ना कटाई को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। कंपनी का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में चरणबद्ध तरीके से लगभग 50 प्रतिशत गन्ना क्षेत्र को यंत्रीकृत कटाई के दायरे में लाना है। इसके लिए किसानों को आधुनिक हार्वेस्टर तकनीक, प्रशिक्षित ऑपरेटर, कस्टम हायरिंग सुविधा और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

प्रधान प्रबंधक विकास कुमार चौधरी ने कहा कि किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीक पहुंचाना, वैज्ञानिक पद्धतियों से गन्ना उत्पादन को बढ़ावा देना और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना आईपीएल की प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि कंपनी क्षेत्र के विकास और किसानों की समृद्धि के लिए पूर्व की भांति निरंतर प्रयास करती रहेगी। उन्होंने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सभी किसानों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

खड्डा चीनी मिल परिसर में आयोजित यह सम्मेलन और गन्ना हार्वेस्टर का शुभारंभ कुशीनगर सहित आसपास के क्षेत्रों के गन्ना किसानों के लिए आधुनिक खेती की दिशा में प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है। इससे गन्ना कटाई में यंत्रीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों के लिए लागत कम करने, उत्पादकता बढ़ाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *