आज की ताजा खबर

सांसद मुकेश राजपूत ने कसा शिकंजा, लापरवाह अफसरों पर होगी कार्रवाई

top-news

खराब ट्रांसफार्मर 72 घंटे में बदलने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश, जल जीवन मिशन से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने को कहा; छुट्टा गोवंश के संरक्षण पर भी सख्ती

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद | जनसमस्याओं की अनदेखी और विकास कार्यों में लापरवाही पर अब अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। सांसद मुकेश राजपूत ने गुरुवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में दो टूक कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ निर्धारित समयसीमा का पालन कराया जाए। उन्होंने खराब ट्रांसफार्मर 72 घंटे के भीतर बदलने, सड़कों से अवैध कब्जे हटाने तथा जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा हुई। सांसद ने अधिकारियों से प्रगति का ब्योरा लेते हुए स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सामने आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण हो। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।


अतिक्रमण हटाकर सुगम बनाएं आवागमन

सड़क निर्माण और चौड़ीकरण में बाधक बने अवैध अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सांसद ने लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका, नगर पंचायत तथा जिला पंचायत के अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम सदर को टीम गठित कर अल्लाहनगर से बढ़पुर के बीच मार्ग पर फैले कब्जे हटवाने को कहा। जनप्रतिनिधियों ने सार्वजनिक रास्तों पर पशु बांधने तथा निराश्रित गोवंश के खुले विचरण से होने वाली दिक्कतें भी बताईं। इस पर पशुपालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई और छुट्टा पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने को कहा गया।


गौशालाओं में बाउंड्रीवाल और ईयर टैगिंग अनिवार्य

गोवंश संरक्षण के लिए सभी गौशालाओं में बाउंड्रीवाल निर्माण कराने तथा संरक्षित पशुओं की ईयर टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को अभियान चलाकर आश्रय स्थलों तक पहुंचाया जाए। वहां नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के साथ बीमार पशुओं को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

72 घंटे में बदलने होंगे खराब ट्रांसफार्मर

विद्युत व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सांसद ने अधीक्षण अभियंता को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति सुधारने तथा लाइन लॉस कम करने के निर्देश दिए। अवर अभियंताओं और ठेकेदारों की कार्यशैली पर निगरानी रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों के स्थान पर 72 घंटे के अंदर चालू इकाइयां स्थापित की जाएं। समयसीमा का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित हो।

पाइपलाइन बिछाकर सड़कें छोड़ने वाली संस्थाओं की तय हो जवाबदेही

जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल पाइपलाइन डालने के बाद उखाड़ी गई सड़कों की मरम्मत का विषय भी उठा। सांसद ने कार्यदायी संस्थाओं को तत्काल पुनर्निर्माण कराने तथा मार्गों को पूर्व स्थिति में बहाल करने के निर्देश दिए। गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और नागरिकों को आवागमन संबंधी परेशानी से बचाने पर जोर दिया।


ग्राम समाज की भूमि से हटाए जाएं अवैध कब्जे

राजस्व विभाग की समीक्षा में कृषि योग्य जमीन तथा ग्राम समाज की संपत्तियों पर अनधिकृत कब्जों की शिकायतें सामने आईं। सांसद ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार त्वरित निस्तारण करने और सार्वजनिक भूमि को कब्जामुक्त कराने को कहा। सहकारी समितियों से खाद एवं बीज वितरण का विस्तृत विवरण भी मांगा, ताकि किसानों को मिल रही सुविधाओं तथा वितरण व्यवस्था की पारदर्शिता का आकलन किया जा सके।

पात्र श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर

श्रम विभाग को सभी पात्र श्रमिकों का पंजीकरण कराकर कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिए गए। विभागीय सहायता कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा, जिससे जरूरतमंद परिवार सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहें।

जनगणना-2027 में स्वगणना के लिए चलाएं जागरूकता अभियान

जिला जनगणना प्रभारी पारखी भार्गव ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनगणना-2027 की स्वगणना प्रक्रिया और उसके महत्व की जानकारी दी। सांसद ने जनप्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों में नागरिकों को इस राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित करने की अपील की। परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार ने वीबी-जी राम जी, सड़क निर्माण, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और श्रम विभाग की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया।

बैठक में विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह, विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार सिंह, एसडीएम सदर संजय कुमार, एआरटीओ सुभाष राजपूत तथा जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *