आज की ताजा खबर

हाथ में ही फट गया आतिशबाजी का गोला, धमाके से गंभीर रूप से झुलसा युवक

top-news

द्वाराचार की रस्म के दौरान जलती 12 राउंड आतिशबाजी चलाने की कोशिश में हुआ हादसा, शादी समारोह में मची चीख-पुकार; कमर से नीचे और पेट के आसपास आईं चोटें

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

कायमगंज,फर्रुखाबाद । शादी की खुशियों के बीच आतिशबाजी का एक गोला युवक के लिए मुसीबत बन गया। द्वाराचार की रस्म के दौरान जलती हुई 12 राउंड आतिशबाजी हाथ में लेकर चलाने की कोशिश करते समय वह अचानक तेज धमाके के साथ फट गई। विस्फोट की चपेट में आकर युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसके कमर से नीचे के हिस्से के साथ पेट और गुप्तांग के आसपास भी चोटें आईं। धमाका होते ही समारोह में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।

जानकारी के अनुसार, कासगंज जनपद के पटियाली थाना क्षेत्र के गांव दरियावगंज निवासी प्रकाश के पुत्र दिनेश की बारात बुधवार को कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव बराबिकू पहुंची थी। यहां गेंदनलाल जाटव की पुत्री हेमलता के साथ दिनेश का विवाह होना था। बारात पहुंचने पर स्वागत और द्वाराचार की रस्म की तैयारियां चल रही थीं। इस दौरान खुशी में आतिशबाजी भी की जा रही थी। तभी दूल्हे के गांव का राजेश का पुत्र अनूप जलती हुई 12 राउंड आतिशबाजी हाथ में लेकर चलाने का प्रयास करने लगा।


धमाके के बाद समारोह में मची चीख-पुकार

बताया गया कि अनूप आतिशबाजी हाथ में लेकर उसे चलाने की कोशिश कर ही रहा था कि अचानक तेज धमाके के साथ वह फट गई। विस्फोट से युवक झुलसकर घायल हो गया। धमाके की आवाज सुनकर बारात और लड़की पक्ष के लोग सहम गए। कुछ ही पलों में विवाह समारोह का माहौल बदल गया। परिजन और अन्य लोग घायल युवक को संभालने में जुट गए।

सीएचसी में उपचार के बाद हालत खतरे से बाहर

परिजन घायल अनूप को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले गए। वहां चिकित्सक डॉ. विपिन सिंह ने उसका उपचार किया। युवक के कमर से नीचे के हिस्से के अलावा पेट और गुप्तांग के आसपास भी चोटें आई थीं। उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।

दूल्हे के चचेरे भाई नितिन ने बताया कि द्वाराचार के दौरान अनूप ने जलती आतिशबाजी हाथ में पकड़कर चलाने का प्रयास किया था। इसी दौरान वह फट गई और युवक घायल हो गया। शादी समारोह में हुआ यह हादसा आतिशबाजी के दौरान थोड़ी सी लापरवाही के गंभीर परिणामों को सामने लाता है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *