आज की ताजा खबर

रेलमार्ग पर मिले दोनों युवकों के शवों की हुई शिनाख्त, नेपाल के रहने वाले थे मृतक

top-news

रोहितन अवस्थी 

अछल्दा औरैया। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर अछल्दा थाना क्षेत्र के धारा का पुरवा गांव के पास गुरुवार सुबह अलग-अलग स्थानों पर मिले दो युवकों के शवों की शिनाख्त हो गई है। दोनों मृतक नेपाल के रहने वाले थे और गुजरात के वापी से घर लौट रहे थे। टूटे मोबाइल फोन से सिम निकालकर दूसरे मोबाइल में डालने पर फोन कॉल के जरिए पुलिस को उनकी पहचान पता चली।


गुरुवार सुबह करीब नौ बजे स्टेशन मास्टर की ओर से पुलिस को मेमो मिला था कि रेलमार्ग पर खंभा नंबर 1112/3 और 1112/10 के पास दो शव पड़े हैं। सूचना पर थानाप्रभारी जीतमल चौधरी, उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, मुन्नालाल और मेवालाल मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। दोनों युवकों की उम्र करीब 30 से 31 वर्ष बताई गई थी। एक युवक स्लेटी रंग की फुल बाजू टीशर्ट, काली जैकेट और काला लोअर पहने था, जबकि दूसरे ने काली-सफेद फुल बाजू टीशर्ट और काला लोअर पहन रखा था। मौके से दो टूटे मोबाइल भी मिले थे।

 

टूटे मोबाइल के सिम से खुला पहचान का राज

पुलिस ने टूटे मोबाइल फोन से सिम निकालकर दूसरे फोन में डाली। इस दौरान फोन आने पर मृतकों की पहचान विवेक विश्वकर्मा पुत्र सोमलाल, उम्र करीब 29 वर्ष, और लक्ष्मण टोड पुत्र तेजबहादुर, उम्र करीब 31 वर्ष, निवासी हेटोडा पदमपोखरी, जिला मकवानपुर, नेपाल के रूप में हुई।

परिजनों के अनुसार दोनों युवक मेलों में दुकान लगाते थे और गुजरात के वापी से लौटकर घर जा रहे थे। पुलिस की सूचना मिलने के बाद परिजन अछल्दा के लिए रवाना हो गए हैं। दोनों युवकों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच पुलिस कर रही है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *