आज की ताजा खबर

कॉलेज के बंद कमरे में फंदे से लटका मिला भूगोल के शिक्षक का शव, क्षेत्र में मचा हड़कंप

top-news

टांडा के मां तिलेसरा देवी पीजी कॉलेज परिसर की घटना, मृतक जहांगीरगंज क्षेत्र के निवासी थे

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

लालमणि गोंड

आलापुर (अंबेडकरनगर)। टांडा कोतवाली क्षेत्र स्थित मां तिलेसरा देवी पीजी कॉलेज परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कॉलेज के एक बंद कमरे में भूगोल के अध्यापक का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान करीब 45 वर्षीय सुशील मौर्य पुत्र चंद्रभान मौर्य निवासी ग्राम तेतरिया, थाना जहांगीरगंज के रूप में हुई है। शिक्षक की मौत की खबर मिलते ही कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।


कॉलेज परिसर के कमरे में मिला शिक्षक का शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:15 बजे पीआरवी-5330 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने फंदे से लटककर जान दे दी है। सूचना मिलते ही हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक अजीत चौधरी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के दौरान कमरे में मिले शव की पहचान सुशील मौर्य के रूप में हुई। वह मां तिलेसरा देवी पीजी कॉलेज में भूगोल विषय के अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। उनका शव कॉलेज परिसर स्थित कमरे में कपड़े के सहारे फंदे से लटका मिला।

पुलिस ने शुरू की वैधानिक कार्रवाई, मौत की वजह तलाश रही टीम

घटना की जानकारी मिलने पर टांडा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शिक्षक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *