आज की ताजा खबर

नदी पूजन एवं भव्य आरती से आध्यात्मिक रंग में रंगा पडरौना, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

top-news

कुशीनगर महोत्सव-2026 में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता, बनारस के कलाकार नंदन चंदन सहित क्षेत्रीय कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

जिलाधिकारी ने महंत दिग्विजय नाथ सरोवर के सुंदरीकरण एवं जल की स्वच्छता के लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार करने का दिया सुझाव 

मोहम्मद नईम

कुशीनगर l कुशीनगर महोत्सव-2026 के अंतर्गत 'जल ही जीवन है' की थीम पर पडरौना नगर स्थित महंत दिग्विजय नाथ सरोवर के समीप आयोजित नदी पूजन एवं भव्य आरती कार्यक्रम में आध्यात्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और जल संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक विधि-विधान और भव्य आरती से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी संजय चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने नदी पूजन एवं आरती में सहभागिता करते हुए जलस्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने महंत दिग्विजय नाथ सरोवर के सुंदरीकरण के साथ-साथ उसके जल को स्वच्छ रखने के लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने की दिशा में कार्ययोजना तैयार करने का सुझाव नगर पालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष विनय जायसवाल को दिया। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के जलस्रोतों का संरक्षण केवल सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ जल एवं बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

पूर्वांचल महोत्सव समिति के अध्यक्ष विनय राय एवं नगर पालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष विनय जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में वाराणसी के गंगा घाट पर गंगा आरती करने वाले विद्वानों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान से नदी पूजन और भव्य आरती संपन्न कराई गई। दीपों की रोशनी, मंत्रोच्चार और आरती के दृश्य ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से अभिभूत कर दिया।


इस अवसर पर चित्रगुप्त मंदिर के समीप निर्मित मंच पर भव्य सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया। बनारस के प्रसिद्ध कलाकार नंदन चंदन सहित क्षेत्रीय कलाकारों ने संगीत, लोककला एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की और पूरा परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया।

उल्लेखनीय है कि कुशीनगर महोत्सव का आयोजन लगातार 13वें वर्ष किया जा रहा है। महोत्सव का उद्देश्य जनपद की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए उसे व्यापक पहचान दिलाना तथा नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध परंपराओं से जोड़ना है। इस वर्ष 'जल ही जीवन है' की थीम के माध्यम से जल संरक्षण, नदियों की स्वच्छता और पौराणिक तालाबों के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इसी क्रम में जनपद के विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक जलस्रोतों पर नदी पूजन एवं आरती के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इससे पूर्व सेवरही में बांसी नदी के तट पर स्थित शिवघाट, पडरौना नगर में बुढ़िया माई मंदिर के समीप वाणी नदी के तट तथा तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के अहिरौलीदान में नारायणी नदी के तट पर भी नदी पूजन एवं आरती के कार्यक्रम संपन्न हो चुके हैं।

कुशीनगर महोत्सव के माध्यम से धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और पर्यावरण संरक्षण को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जनसहभागिता के जरिए नदियों एवं पारंपरिक जलस्रोतों के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *