आज की ताजा खबर

एक ही मंडप में 393 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, सामूहिक विवाह समारोह में गूंजे मंगलगीत

top-news

क्रिश्चियन इंटर कॉलेज मैदान में 390 जोड़ों ने लिए सात फेरे, तीन का हुआ निकाह; सांसद मुकेश राजपूत समेत जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

लक्ष्मी शरण सिंह राठौर  

फर्रुखाबाद। क्रिश्चियन इंटर कॉलेज मैदान शुक्रवार को खुशियों, उल्लास और मंगलगीतों का साक्षी बना। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में 393 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 390 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, जबकि तीन जोड़ों का निकाह संपन्न कराया गया। एक ही परिसर में सजे मंडपों और विवाह की रस्मों के बीच नवदंपतियों के चेहरे पर नई जिंदगी के सपने साफ झलक रहे थे।

समारोह में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजन संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मान और गरिमा के साथ संपन्न हो रहा है।


कार्यक्रम में विधायक सुशील कुमार शाक्य, मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, नगेंद्र सिंह राठौर और विधान परिषद सदस्य प्रांशु दत्त द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को उपहार और शुभकामनाएं देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। इसमें 60 हजार रुपये वधू के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं, जबकि 25 हजार रुपये की गृहस्थी से जुड़ी सामग्री उपहार स्वरूप दी जाती है। शेष 15 हजार रुपये आयोजन की व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं। इस आर्थिक सहायता से नवदंपतियों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत करने में मदद मिलती है।

समारोह में विवाह की परंपरागत रस्मों के साथ सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता का भी संदेश दिखाई दिया। प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में 393 जोड़ों ने नए जीवन की दहलीज पर कदम रखा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *