आज की ताजा खबर

बेटे को थाने में बैठाया, कुछ घंटे बाद मां की मौत; सड़क पर शव रखकर भड़का आक्रोश

top-news

पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों ने लगाया जाम, डेढ़ घंटे तक ठप रहा नवाबगंज-मंझना मार्ग पर आवागमन

लक्ष्मी शरण सिंह राठौर 

नवाबगंज,फर्रुखाबाद। बेटे को पुलिस द्वारा थाने में बैठाए जाने के कुछ घंटे बाद मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए परिजन शव को ई-रिक्शा से लेकर थाने पहुंच गए। वहां से निकलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने नवाबगंज-मंझना मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सड़क पर शव रखे जाने से पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे और जाम के बाद थाना प्रभारी के कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन शांत हुए।

नगर के मोहल्ला नगला जोधा निवासी ज्ञान सिंह का मोहल्ले के ही जयवीर सिंह से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। मारपीट में घायल हुए लोगों का उपचार चल रहा था। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से कार्रवाई की थी। शुक्रवार को इसी प्रकरण में पुलिस ने ज्ञान सिंह और उसके भाई निर्देश को थाने बुलाकर बैठा लिया था।

 

परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे ज्ञान सिंह की 55 वर्षीय मां मीना देवी पत्नी घुरईलाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मां की मौत की सूचना मिलने पर परिजन बदहवास हो गए। उनका आरोप था कि पुलिस ने उनके बेटे को थाने में बैठा रखा था और मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही थी। इसी आक्रोश में परिजन महिला का शव ई-रिक्शा से लेकर थाने पहुंच गए। परिजनों के थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने ज्ञान सिंह को छोड़ दिया।

इसके बावजूद परिजनों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उन्होंने ग्रामीणों के साथ नवाबगंज-मंझना मार्ग पर महिला का शव रखकर जाम लगा दिया। करीब तीन बजे लगे जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन मामले में कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

स्थिति की गंभीरता देखते हुए करीब एक घंटे बाद थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों से बातचीत कर उन्हें मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन जाम खोलने को तैयार हुए। इसके बाद पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवा दिया।

घटना के चलते नवाबगंज-मंझना मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन बाधित रहा। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होने की उम्मीद है।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि महिला के शव को जिला अस्पताल भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *