आज की ताजा खबर

बेटी की शादी के दिन उठी भाई की अर्थी, अस्पताल में मौत की खबर से खुशियां मातम में बदलीं

top-news

चार दिन से आगरा के निजी अस्पताल में चल रहा था इलाज, रात नौ बजे गमगीन माहौल में हुई बेटी की विदाई

रोहित अवस्थी 

अजीतमल औरैया। घर में बेटी की शादी की खुशियां थीं, रिश्तेदारों की भीड़ थी, बारात के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं और मंगल गीत गूंज रहे थे। इसी बीच आगरा के निजी अस्पताल से बेटे की मौत की खबर पहुंची तो परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। बेटी की शादी वाले दिन बड़े भाई विक्रम नागर की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। दर्द और जिम्मेदारियों के बीच परिजनों ने रात करीब नौ बजे शादी की बाकी रस्में पूरी कर बेटी ज्योति को विदा किया।


घटना अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के मौहारी गांव की है। गांव निवासी राजू नागर बीएसएफ में नौकरी करते हैं। उनके बड़े बेटे विक्रम नागर एक निजी स्कूल में शिक्षक थे। करीब चार दिन पहले विक्रम को दिल का दौरा पड़ा था। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उन्हें आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।

शुक्रवार को राजू नागर की बेटी ज्योति की शादी गांव के एक गेस्ट हाउस में आयोजित थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदार और परिचित विवाह समारोह में शामिल होकर खुशियां बांट रहे थे। इसी दौरान अस्पताल से विक्रम की मौत की सूचना आई। खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शादी समारोह में मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए और खुशियों का माहौल गहरे दुख में बदल गया।

एक तरफ बेटे की मौत का असहनीय दुख, दूसरी तरफ बेटी की विदाई की जिम्मेदारी। ऐसे कठिन हालात में परिजनों ने खुद को संभालते हुए रात करीब नौ बजे शादी की शेष रस्में पूरी कीं और ज्योति को विदा किया। पूरे समारोह में खुशी की जगह गम और अपनों को संभालने की कोशिश दिखाई दी।

विक्रम की पत्नी नीतू के तीन बेटे हैं, जिनमें यश, अभि और एक नवजात शामिल है। पिता की मौत से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। बेटी की शादी के दिन बेटे की मौत और फिर गमगीन माहौल में विदाई का यह दृश्य गांव में हर किसी को भावुक कर गया।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *