आज की ताजा खबर

शादी की आतिशबाजी बनी आफत, केमिकल में लगी आग तो बारातियों में मची भगदड़

top-news

अजीतमल के साधना मैरिज होम के पास प्लॉट में फैले केमिकल पर गिरी चिंगारी, पुलिस और दमकल ने संभाला मोर्चा, बाल-बाल बचे बाराती

रोहित अवस्थी 

अजीतमल औरैया। शादी समारोह में बैंड-बाजे की धुन पर बाराती नाच रहे थे और आतिशबाजी के बीच खुशियां मनाई जा रही थीं। इसी दौरान आतिशबाजी से निकली एक चिंगारी पास के प्लॉट में फैले केमिकल पर जा गिरी। देखते ही देखते केमिकल में आग लग गई और ऊंची लपटें उठने लगीं। अचानक आग भड़कने से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। बाराती और मेहमान जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


मलगवां मंदिर गांव निवासी सरनाम सिंह पाल की बेटी आकांक्षा उर्फ प्रिया का विवाह इटावा के राहतपुरा स्थित शिवा कॉलोनी निवासी गौरव उर्फ निखिल के साथ तय हुआ था। शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि बाबरपुर कस्बे के विद्यानगर मोहल्ला स्थित साधना मैरिज होम में विवाह समारोह चल रहा था। बारात में बैंड-बाजे के साथ नाच-गाना हो रहा था और लोग आतिशबाजी कर रहे थे।

इसी दौरान आतिशबाजी से निकली चिंगारी मैरिज होम के पास स्थित एक प्लॉट में फैले केमिकल पर जा गिरी। चिंगारी पड़ते ही केमिकल ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। अचानक आग भड़कती देख बारातियों और समारोह में शामिल लोगों में भगदड़ मच गई। लोग खुद को सुरक्षित करने के लिए घटनास्थल से दूर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से दूर हटाया, जबकि दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से प्लॉट में रखा केमिकल जल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं मिली।

आग बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद शादी समारोह की रुकी हुई रस्में दोबारा शुरू कराई गईं। अचानक हुई इस घटना से कुछ देर तक समारोह में दहशत का माहौल बना रहा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *