आज की ताजा खबर

पत्नी से विवाद के बाद घर से निकले अशोक का खेत में फंदे पर लटका मिला शव

top-news

गुरुवार रात 11 बजे से थे लापता, शुक्रवार शाम आलू के खेत में पेड़ से लटकता मिला शव; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

कायमगंज,फर्रुखाबाद l  पत्नी से विवाद के बाद घर से निकले 48 वर्षीय अशोक कुमार कश्यप का शव शुक्रवार शाम जौरा गांव के निकट आलू के खेत में पेड़ से लटका मिला। खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल अशोक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।

कंपिल थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर राजकुमार निवासी अशोक कुमार कश्यप गुरुवार रात करीब 11 बजे अचानक घर से चले गए थे। बताया गया कि इससे पहले उनका पत्नी कमला देवी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद नाराज होकर वह घर से निकल गए। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू कर दी। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी जानकारी की गई, लेकिन अशोक का कोई सुराग नहीं लगा।

 

आलू के खेत में पेड़ पर लटका मिला शव

शुक्रवार शाम कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के जौरा गांव निवासी प्रवीन के आलू के खेत में लगे चांदनी के पेड़ पर एक व्यक्ति का शव लटका दिखाई दिया। खेत की ओर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में मृतक की पहचान अशोक कुमार कश्यप के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

शव देखते ही परिजनों में मची चीख-पुकार

मृतक के भाई अखिलेश ने पुलिस को बताया कि गुरुवार को अशोक का पत्नी कमला देवी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह रात करीब 11 बजे घर से चले गए थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार शाम खेत में शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी कमला देवी, दो बेटों और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

पुलिस अधिकारियों के साथ पहुंची फॉरेंसिक टीम

घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला और मंडी चौकी प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कंपिल थाना पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक नमूने और साक्ष्य एकत्र किए, ताकि घटना की परिस्थितियों की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पत्नी से विवाद के बाद घर से निकलने और अगले दिन खेत में शव मिलने की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *