आज की ताजा खबर

डीएम डॉ. अंकुर लाठर सख्त, फरियादियों को दौड़ाया तो नपेंगे अधिकारी

top-news

समाधान दिवस में 135 शिकायतें पहुंचीं, 11 का मौके पर निस्तारण; गैरहाजिर खंड शिक्षा अधिकारी का वेतन रोकने और नोटिस जारी करने के निर्देश

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद l कायमगंज तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को दो टूक संदेश दिया कि जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और औपचारिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। फरियादियों को एक ही समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसमें लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

शनिवार को तहसील कायमगंज में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 135 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें पुलिस विभाग की 45, राजस्व की 41, बिजली की 13, विकास विभाग की नौ, नगर पालिका एवं नगर पंचायत की तीन, आपूर्ति विभाग की दो और अन्य विभागों की 22 शिकायतें शामिल रहीं। अधिकारियों ने इनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।


गैरहाजिर खंड शिक्षा अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश

समाधान दिवस में खंड शिक्षा अधिकारी शमसाबाद के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने और वेतन रोकने के निर्देश दिए। डीएम के इस रुख से स्पष्ट हो गया कि जनसमस्याओं के समाधान से जुड़े कार्यक्रमों में अधिकारियों की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे। अधिकारी जरूरत के अनुसार मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए समस्या का समाधान कराएं। पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने भी पुलिस से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ईवीएम-वीवीपैट की कार्यप्रणाली भी परखी

समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ईवीएम एवं वीवीपैट प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मशीनों की कार्यप्रणाली परखी और संबंधित अधिकारियों से प्रशिक्षण तथा मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी ली। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने जनगणना-2027 के स्व-गणना अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए सेल्फ एन्यूमरेशन सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी भी ली और लोगों से अभियान में भागीदारी की अपील की।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, एसडीएम कायमगंज अभिषेक वर्मा, सीओ कायमगंज अजय वर्मा, तहसीलदार अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *