आज की ताजा खबर

बाजार से सामान लेने जा रहे 14 वर्षीय किशोर की कार की टक्कर से मौत, परिवार में मचा कोहराम

top-news

पिता की 8-10 साल पहले बीमारी से हो चुकी थी मौत

रोहित अवस्थी 

औरैया। शहर के फफूंद चौराहे के पास शुक्रवार रात सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर सचिन कुमार की मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पहले ही पिता को खो चुका था, अब बेटे की मौत ने मां और बहनों को गहरे सदमे में डाल दिया।

मुहल्ला बनारसीदास निवासी सीता देवी पत्नी स्वर्गीय नवाब सिंह का 14 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार शुक्रवार रात करीब 8:45 बजे घर की जरूरत का सामान लेने बाजार जा रहा था। जैसे ही वह फफूंद चौराहे के पास काली माता मंदिर से कुछ आगे लखन इलेक्ट्रॉनिक दुकान के सामने पहुंचा, तभी इटावा रोड की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने गलत साइड में आकर पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सचिन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

आसपास के दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल किशोर को जिला अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया

परिवार की स्थिति बेहद दुखद है। सचिन के पिता का करीब आठ से दस वर्ष पहले बीमारी के चलते निधन हो गया था। परिवार में दो भाई और चार बहनें हैं। पिता की मौत के बाद दोनों भाई मिलकर अपनी मां को आर्थिक सहारा देते थे। चार बहनों में एक बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि काजल, संध्या और गुंजन अविवाहित हैं। सचिन की मौत से परिवार के सामने आर्थिक और भावनात्मक संकट खड़ा हो गया है।

मां सीता देवी ने कोतवाली औरैया में प्रार्थना पत्र देकर हादसे के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि हादसे के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना कैद हुई है। पुलिस से मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *