आज की ताजा खबर

सरकारी कटान की लकड़ी पर कारोबारियों की नजर, वन विभाग की निगरानी पर सवाल

top-news

किसरोली रोड स्थित बंद क्रेशर के पास अच्छी गुणवत्ता की लकड़ी जमा करने का आरोप, डीएफओ ने दो बार कॉल करने पर भी नहीं उठाया फोन; रेंजर ने जांच कर कार्रवाई का दिया भरोसा

 लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

कायमगंज,फर्रुखाबाद l शमसाबाद क्षेत्र में हरे पेड़ों की कटाई और लकड़ी के कथित अवैध भंडारण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण के नाम पर वन विभाग की ओर से कराए जा रहे कटान के बीच अच्छी गुणवत्ता की लकड़ी अलग किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लकड़ी ऋषि गंगवार व आजाद फैजबाग कारोबारी सरकारी कटान से निकलने वाली बेहतर लकड़ी को अलग कर किसरोली रोड स्थित पुराने बंद क्रेशर के पास जमा कर रहे हैं। इससे वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, विरिया डाडा रोड पर सड़क चौड़ीकरण के चलते वन विभाग की ओर से पेड़ों का कटान कराया जा रहा है। आरोप है कि इसी कटान से निकलने वाली अच्छी गुणवत्ता की लकड़ी को अलग कर क्रेशर के पास पहुंचाया जा रहा है। जबकि सरकारी लकड़ी का निर्धारित स्टॉक चौकी के पास भेज बाग में रखा गया है, जिसे एटा डिपो में जमा कराया जाना है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्रेशर के पास जमा लकड़ी कहां से आई और उसे वहां किसकी अनुमति से रखा गया है?

स्थानीय लोगों का कहना है कि हरे पेड़ों की कटाई को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लकड़ी कारोबारियों के हौसले बुलंद होने की चर्चा है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि सरकारी कटान से निकली लकड़ी की निगरानी और भंडारण का सही सत्यापन नहीं हुआ तो हरियाली को बचाने के प्रयासों को नुकसान पहुंच सकता है।

 

मामले में जिला वन अधिकारी राजीव कुमार का पक्ष जानने के लिए उनके दूरभाष नंबर पर दो बार कॉल की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इस कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।

वहीं, कायमगंज क्षेत्र के रेंजर राजेश कुमार ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के संबंध में वीर्यदान रोड पर वन विभाग की ओर से पेड़ों का कटान कराया जा रहा है। किसरोली रोड स्थित बंद क्रेशर के पास सरकारी कटान की अच्छी लकड़ी जमा होने की शिकायत बताने पर उन्होंने स्वयं मौके पर जाकर जानकारी करने की बात कही। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अब सवाल यह है कि सरकारी कटान की लकड़ी का पूरा हिसाब कौन रख रहा है और क्रेशर पर जमा लकड़ी का वास्तविक स्रोत क्या है? ग्रामीणों ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराकर कटान, परिवहन और भंडारण से जुड़े अभिलेखों का मिलान करने तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

नोट: लकड़ी के सरकारी होने, अवैध भंडारण और विभागीय मिलीभगत के आरोपों की हिन्दी दैनिक लोक भारती स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता। मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *