आज की ताजा खबर

कानपुर-बुंदेलखंड की 52 विधानसभा सीटों पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रवासी नेत्रियां संभालेंगी संगठन की जिम्मेदारी

top-news

गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान से पहुंचीं महिला पदाधिकारियों को चुनाव तक क्षेत्र में प्रवास की जिम्मेदारी

चार विधायक भी टोली में शामिल, बूथ से मंडल स्तर तक स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ करेंगी समन्वय

लोक भारती न्यूज ब्यूरो 

कानपुर। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान से आईं भाजपा महिला मोर्चा की अनुभवी नेत्रियां क्षेत्र की सभी 52 विधानसभा सीटों पर संगठन की जिम्मेदारी संभालेंगी। इन महिला पदाधिकारियों को चुनाव तक अपने निर्धारित विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रवासी टोली में चार विधायक भी शामिल हैं।

शनिवार, 21 नवंबर को भाजपा के क्षेत्रीय मुख्यालय से सभी महिला नेत्रियों को उनके निर्धारित विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू और महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष मोना शुक्ला ने महिला पदाधिकारियों को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।

बूथ से मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ करेंगी समन्वय

इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहा कि गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान से आईं अनुभवी महिला नेत्रियां उत्तर प्रदेश में पार्टी की जीत के संकल्प के साथ पहुंची हैं। ये सभी चुनाव तक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगी और संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगी। स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर बूथ से लेकर मंडल स्तर तक संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाएंगी।

उन्होंने कहा कि महिला शक्ति भाजपा की संगठनात्मक ताकत है। दूसरे राज्यों की अनुभवी महिला पदाधिकारियों के प्रवास से क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी।

महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष मोना शुक्ला ने कहा कि दूसरे प्रदेशों से आईं महिला पदाधिकारियों का संगठनात्मक अनुभव कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए उपयोगी होगा। सभी नेत्रियां स्थानीय महिला कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन की योजनाओं और कार्यक्रमों को आगे बढ़ाएंगी।

चार विधायक भी प्रवासी टोली में शामिल

क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि प्रवासी महिला नेत्रियों में चार विधायक भी शामिल हैं। ये सभी अपने-अपने प्रदेशों में भाजपा महिला मोर्चा की विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं और उन्हें संगठनात्मक कार्यों का अनुभव है। उन्होंने बताया कि 52 विधानसभा क्षेत्रों में इनकी तैनाती का उद्देश्य महिला कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना, संगठनात्मक गतिविधियों को निरंतर बनाए रखना और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय करना है।

इस अवसर पर महिला मोर्चा की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनीता चतुर्वेदी, संगीता पांडेय, गुंजन शर्मा, आशा पांडेय और श्वेता सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहीं।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *