आज की ताजा खबर

सेंट्रल जोन फुटबॉल प्रतियोगिता में सीएसजेएमयू कानपुर बना चैंपियन

top-news

मेजबान विश्वविद्यालय ने आईआईएमटी मेरठ को पछाड़कर हासिल किया पहला स्थान

चार टीमों ने किया अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई

लोक भारती न्यूज ब्यूरो 

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू), कानपुर में आयोजित सेंट्रल जोन अंतर-विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का शनिवार को लीग चरण के अंतिम मुकाबलों के साथ समापन हो गया। मेजबान सीएसजेएमयू की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। आईआईएमटी विश्वविद्यालय, मेरठ को दूसरा, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी को तीसरा और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ को चौथा स्थान प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली सभी टीमें अब अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।

आईआईटी कानपुर ग्राउंड पर खेले गए अंतिम दिन के मुकाबलों में सीएसजेएमयू ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ को 5-1 से करारी शिकस्त दी। वहीं, आईआईएमटी विश्वविद्यालय, मेरठ ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी को 2-0 से हराया। एक अन्य मुकाबले में काशी विद्यापीठ ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को 1-0 से पराजित किया। दिन का अंतिम मुकाबला सीएसजेएमयू और आईआईएमटी विश्वविद्यालय के बीच खेला गया, जो ड्रॉ रहा।

लीग चरण के समापन पर सीएसजेएमयू और आईआईएमटी विश्वविद्यालय दोनों के खाते में सात-सात अंक रहे। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर सीएसजेएमयू ने पहला स्थान प्राप्त किया। काशी विद्यापीठ और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के खाते में तीन-तीन अंक रहे।

केरल में होगा अखिल भारतीय मुकाबला

सेंट्रल जोन से सीएसजेएमयू कानपुर, आईआईएमटी विश्वविद्यालय मेरठ, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ ने अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। यह प्रतियोगिता एक से सात जनवरी 2027 तक कन्नूर, केरल में आयोजित होगी।

कुलपति ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम अखिल भारतीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय के लिए खिताब हासिल करेगी। साथ ही आगामी खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में भी खिलाड़ियों से विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने की अपेक्षा जताई।

एआईयू पर्यवेक्षक डॉ. सक्कीर हुसैन, उपाध्यक्ष एवं निदेशक/विभागाध्यक्ष, शारीरिक शिक्षा, कालीकट विश्वविद्यालय ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन, मैच संचालन और व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

विभागाध्यक्ष, शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा डॉ. प्रभाकर पांडेय ने सभी प्रतिभागी विश्वविद्यालयों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, प्रबंधकों और आयोजन में सहयोग करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। वहीं, सचिव खेल श्री शुभम हज़ारिया ने आयोजन से जुड़ी सभी समितियों और विभागों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए क्वालीफाई करने वाली चारों टीमों को शुभकामनाएं दीं।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *