आज की ताजा खबर

पर्यावरण संरक्षण में एआई और मशीन लर्निंग की भूमिका पर विद्यार्थियों ने बनाए मॉडल और पोस्टर

top-news

सीएसजेएमयू में आधुनिक तकनीक के जरिए पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान का दिया संदेश

लोक भारती न्यूज ब्यूरो 

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज के पर्यावरण विज्ञान विभाग में पोस्टर एवं कार्यकारी मॉडल प्रस्तुति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। माननीय कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की प्रेरणा तथा स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज के निदेशक प्रो. आरके द्विवेदी और उपनिदेशक प्रो. अंजू दीक्षित के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में एमएससी पर्यावरण विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में भारतीय विद्यार्थियों के साथ लाइबेरिया (अफ्रीका) से आए अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी गैब्रिएल और कॉलिन्स ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और मशीन लर्निंग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक उपायों को विभिन्न पोस्टर और मॉडलों के जरिए प्रस्तुत किया।

प्रस्तुतियों में वायु एवं जल प्रदूषण की रियल टाइम निगरानी, डेटा विश्लेषण, वन्यजीवों और जैव विविधता के संरक्षण के लिए एआई आधारित ट्रैकिंग सिस्टम, प्राकृतिक आपदाओं का पूर्वानुमान और प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। इसके साथ ही रिमोट सेंसिंग एवं जीआईएस तकनीक के माध्यम से पर्यावरणीय बदलावों का आकलन, जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और सतत विकास के विभिन्न पहलुओं को भी प्रदर्शित किया गया।

पर्यावरण विज्ञान विभाग की समन्वयक एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. द्रौपती यादव के मार्गदर्शन तथा डॉ. अजय पांडे की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने में एआई, मशीन लर्निंग और जीआईएस जैसी तकनीकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को नवाचार, अनुसंधान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करते हैं।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *