आज की ताजा खबर

बेकाबू डीसीएम खोखों में घुसी, युवक की मौत; दो गंभीर

top-news

सीएचसी के पास ट्रांसफार्मर लदी डीसीएम ने तीन लोगों को लिया चपेट में, सड़क सुरक्षा पखवाड़े के बीच हादसे ने बढ़ाई चिंता

 लक्ष्मी शरण सिंह राठौर

राजेपुर,फर्रुखाबाद। कस्बे के तिराहे पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। दो ट्रांसफार्मर लादकर जा रही डीसीएम अनियंत्रित होकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास सड़क किनारे बने खोखों में जा घुसी। वाहन की चपेट में आकर तीन लोग घायल हो गए। उन्हें तत्काल सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, डीसीएम संख्या यूपी 38 एटी 6741 रविवार दोपहर राजेपुर से शाहजहांपुर की ओर जा रही थी। करीब 12:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास कस्बा तिराहे पर चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद डीसीएम सड़क किनारे स्थित खोखों में जा घुसी। हादसे में राजेपुर निवासी दिलीप (25) पुत्र रमेश, राजेश (68) पुत्र लल्लू सिंह और पप्पू (54) पुत्र रामचंद्र घायल हो गए।


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। यहां चिकित्सकों ने दिलीप को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजेश और पप्पू की हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सड़क सुरक्षा पखवाड़े के बीच उठे सवाल

जिले में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद हादसों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। राजेपुर की घटना ने भारी वाहनों के सुरक्षित संचालन, गति नियंत्रण और दुर्घटना संभावित स्थानों पर निगरानी की जरूरत फिर सामने ला दी है। जागरूकता अभियान के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम भी जरूरी हैं।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *