आज की ताजा खबर

लोधेश्वर धाम में दिब्य सौंदर्य के साथ भब्य महादेवा महोत्सव का शुभारंभ

top-news

बाराबंकी। लोधेश्वर महादेवा धाम में सोमवार की दोपहर श्रद्धा का सागर लहराया, जब वैदिक उच्चारण और बैंड की धुनों के बीच सात दिवसीय महादेवा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। विश्व कल्याण द्वार पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने लाल फीता काटा और धाम की दिव्यता में सहभागी बने। उनके स्वागत में संस्कृत पाठशाला के बच्चों ने गुलाब के फूल दिये तो, एनसीसी कैडेटों, स्काउट–गाइड और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने पुष्पवर्षा कर वातावरण को उत्सवी बना दिया। बता दें कि यह सात दिवसीय महादेवा महोत्सव का समापन आगामी 23 नवंबर को ब्रज की फूलों की होली के साथ होगा। 
 कलश यात्रा और जलाभिषेक ने बढ़ाई पावनता 
रिबन कटने के बाद डीएम, एएसपी और अन्य अधिकारी कलशों के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। बैंड–बाजे की ताल पर आगे बढ़ते सभी जन गर्भगृह पहुंचे, जहां शिवलिंग पर दुग्ध, दही, शहद, घी, जल और पुष्पों से विशेष पूजन संपन्न हुआ। पंडित अनिल शास्त्री व आदित्य महाराज के मंत्रोच्चार से पूरा धाम ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजता रहा। कांती महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा बनाई गई रंगोली और मंदिर प्रांगण की रोशनी से सजी सजावट ने श्रद्धालुओं को विशेष आकर्षित किया।
सांस्कृतिक मंच ने भक्ति और कला दोनों का संगम रचा 
पूजा के बाद जिलाधिकारी सांस्कृतिक पंडाल पहुंचे और दीप प्रज्वलित कर बहार सुगम संगीत अकादमी व कथक कार्यक्रमों की शुरुआत की। कार्यक्रम में प्रभात नारायण दीक्षित के निर्देशन में गणपति वंदना और शिव स्तुति की गूंज ने माहौल को आध्यात्मिक रंग दिए। इसके बाद शिवराजे फ्यूजन बैंड ने लोकप्रिय गीतों का मनोहारी मैशअप प्रस्तुत किया। अदिति और कार्तिकेय की 'लग जा गले' की युगल प्रस्तुति तथा वंशिका की 'आओगे जब तुम सजना' ने दर्शकों से खूब प्रशंसा बटोरी। संगीत संगत में अंजीत द्विवेदी (ऑक्टोपैड), रवि कुमार (सिंथेसाइज़र) और अभिजीत–प्रत्युष–कार्तिकेय (गिटार) की तालमेल ने मंच को संगीतमय बना दिया। अंत में प्रशांत बाल विद्या मंदिर की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने शाम को आध्यात्मिक ऊँचाई दी।
सरकारी प्रदर्शनी ने जमकर खींचा ध्यान 
महोत्सव परिसर में लगी केंद्र और प्रदेश सरकार की संयुक्त प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही।
देश–प्रदेश की विरासत, मंदिरों, सांस्कृतिक धरोहरों और पौराणिक स्थलों को दर्शाती तस्वीरों ने लोगों को लंबे समय तक रोक रखा। महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और सामाजिक कल्याण में प्रदेश सरकार की उपलब्धियाँ प्रदर्शित करने वाले फोटो–पैनल लगातार भीड़ खींचते रहे। हस्तशिल्प, माटीकला, खादी–वस्त्र, खिलौने, स्थानीय हुनर और विभागीय सेवाओं से जुड़े स्टॉल भी नागरिकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
 महादेवा महोत्सव में भजनों व लोकगीतों ने बांधा समा 
सांस्कृतिक पांडाल में पूर्णिमा और सरगम ग्रुप की लोक गायिका पुष्पा त्रिवेदी तथा उनके सहयोगी कलाकारों ने भजन और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम की शुरुआत पुष्पा त्रिवेदी के भजन “करुणा निधान रउवा जगत के दाता” से हुई। इसके बाद “मेरी विनती सुनो सांवरे राम जी” की प्रस्तुति ने उपस्थित भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। लोकगीत “तोहार दूल्हा गौरा सबसे निराला” की प्रस्तुति ने पांडाल में तालियों की गड़गड़ाहट भर दी। तेजस्वी त्रिवेदी द्वारा प्रस्तुत शिवगीत “लाईके शिव के मनाई हो” को भी दर्शकों ने खूब सराहा। आशा त्रिवेदी ने महादेवा लोधेश्वर धाम पर आधारित गीत “चलो चली भइय्या महादेवा लोधेश्वर की शिवनगरी” प्रस्तुत कर भक्तिमय माहौल को चरम पर पहुँचा दिया।
 कथक में उतरी शिव की लीलाएँ
सांस्कृतिक पंडाल में पंडित अनुज मिश्रा एंड ग्रुप की प्रस्तुति ने भक्ति और कला का अद्भुत संगम रचा। कलाकारों ने कथक नृत्य शैली के माध्यम से महादेव की दिव्य लीलाओं को ऐसा जीवंत किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध होकर देखते रह गए। कार्यक्रम की शुरुआत ‘कर्पूर गौरं करुणावतारं’ पर सधी हुई भाव-भंगिमाओं और लयबद्ध पगचाप के साथ हुई, जिसने मंच पर आनंद तांडव की अद्वितीय छटा बिखेरी। इसके बाद ‘जटा तट वी गलज्ज्वलज्जलप्रवाह’ पर रौद्र तांडव की जोशीली प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भक्ति भाव में डुबा दिया। करीब पाँच हजार वर्ष पुरानी शिव ध्रुपद की मनोहारी प्रस्तुति ने दर्शकों को प्राचीन भारतीय संगीत की अनुगूंज का अद्भुत अनुभव कराया। कार्यक्रम में शक्ति वंदना ‘जय जय गिरिराज किशोरी’, शिव–गंगा और शिव नाटिका नृत्य की प्रभावी प्रस्तुतियाँ भी हुईं, जिनसे पूरे पंडाल में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो गया।
 जनप्रतिनिधि और अधिकारी बड़े पैमाने पर उपस्थित 
उद्घाटन में एएसपी उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी, प्रशिक्षु आईएस तेजस के, एसडीएम गुंजिता अग्रवाल, सीओ गरिमा पंत, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक कुशमेश, ब्लाक प्रमुख संजय तिवारी, रामनगर चेयरमैन राम शरण पाठक, भाजपा उपाध्यक्ष शेखर हरायण व अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
आमंत्रण भाव 
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार लोधेश्वर धाम को कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। महोत्सव जनभागीदारी से और भी भव्य बनेगा। बता दें कि इस बार धाम परिसर में अमरनाथ गुफा, झूले और आस्था–मनोरंजन के विविध आकर्षणों ने भी श्रद्धालुओं के कदम थामे हुए है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *