आज की ताजा खबर

कोहरे ने रोकी वाहनों की रफ्तार

top-news

हमीरपुर।ठंड के साथ कोहरा ने भी दस्तक देना शुरू कर दिया है। शुक्रवार की सुबह अचानक छाए घने कोहरे ने लोगों को हैरान कर दिया। सुबह लोग जब घर से बाहर निकले तो घने कोहरे के कारण उनके पैर ठिठक गए। सुबह-सुबह सैर के लिए जाने वाले लोग रोजाना से थोड़ी देरी से सैर पर गए। घने कोहरे ने हाइवे पर वाहनों की रफ्तार रोक दी। तेजी से दौड़ने वाले वाहन रेंगते हुए नजर आए।
नवम्बर माह समाप्त होने में मात्र नौ दिन ही बकाया है। जैसे-जैसे सर्दी बढ़ना शुरू हुई है वैसे ही कोहरे ने भी दस्तक देनी शुरू कर दी है।मुख्यालय में गुरुवार की रात में आसमान साफ होने के साथ शुक्रवार सुबह कोहरे ने ठंड का असर बढ़ा दिया है।शुक्रवार को कोहरे की हल्की चादर छाई नजर आई। देखते देखते कुछ ही देर में घना कोहरा छा गया। इसका सबसे ज्यादा असर नेशनल हाइवे 34 और कालपी स्टेट हाइवे पर दिखा। दो पहिया व चार पहिया वाहनों के साथ भारी वाहनों की रफ्तार थम गई। लोगों को लाइट जलाकर आगे बढ़ना पड़ा। सुबह स्कूल के लिए निकले छात्र-छात्राओं को अलग-अलग स्थानों पर वाहनों का इंतजार करने में असुविधा हुई।कोहरे के चलते तमाम घरों के बच्चे स्कूल नहीं गए। वहीं यमुना पथवे और बेतवा नदी के पथवे पर सैर को निकलने वाले लोगों की संख्या घटती दिखाई दी।अचानक आए मौसम में बदलाव के बाद अब लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं।
कोहरे में बरतें सावधानी
 यातायात प्रभारी हरवेंद्र सिंह ने बताया कि कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी अवश्य बरतें। कोहरे में वाहन की रफ्तार कम होनी चाहिए, जिससे सामने खड़े वाहन व आगे की तरफ से आने वाले वाहन को आसानी से देखा जा सके। इसके अलावा आगे चलने वाले वाहनों के बीच कम से कम 100 मीटर की दूरी बनाए रखें। कोहरे के समय वाहन के आगे पीछे की लाइट को ठीक रखें। साथ ही वाइपर को भी पूरी तरह ठीक करा लें।साथ ही लाइटों में पीली पन्नी लगाकर चले।बताया कि वाहनों के पीछे रिफलेक्टर लगवा कर चले।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *