आज की ताजा खबर

तेज़ रफ्तार की टक्कर: गन्ना लदा ट्रैक्टर पलटा, चालक अफजल गंभीर

top-news

धौरहरा। सोमवार दोपहर धौरहरा मार्ग पर महादेव क्रेशर के पास गन्ना ले जा रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक की पहचान अफजल (लगभग 35 वर्ष), पुत्र जलील, निवासी मोहल्ला शुक्ला वार्ड के रूप में हुई है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच दोनों ट्रैक्टर चीनी मिल की ओर तेज रफ्तार से जा रहे थे। इसी दौरान एक चालक ने मोड़ लेने का प्रयास किया और सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गया। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन खाई में पलट गए। सड़क पर गन्ना और ट्रॉली के हिस्से बिखर जाने से मार्ग लगभग आधे घंटे तक बाधित रहा।

स्थानीय किसानों और युवाओं ने घायल अफजल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उसके सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं।

सूचना मिलने पर धौरहरा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुँची। एसआई राकेश कुमार ने बताया कि दोनों चालकों के लाइसेंस, वाहन के कागजात और ओवरलोडिंग की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग को हादसे का मुख्य कारण माना गया है। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर एफआईआर दर्ज कर ली है।

गन्ना परिवहन के दौरान यह क्षेत्र अक्सर हादसों का गवाह बनता है। यातायात बहाल करने के बाद पुलिस ने राहगीरों को सतर्क रहने की सलाह दी और किसानों से गन्ना परिवहन के समय गति सीमा का पालन करने की अपील की।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *