आज की ताजा खबर

कानपुर में शक्ति प्रदर्शन! जल-थल-वायु से पंकज चौधरी का स्वागत, पोस्टर विवाद से मचा घमासान

top-news top-news

कानपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के कानपुर आगमन पर आज गुरुवार को जोरदार स्वागत हुआ। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में यह उनका छठा क्षेत्रीय रोड शो रहा, जिसे पार्टी के 37% ओबीसी वोटरों को साधने की रणनीति के तहत आयोजित किया गया। पूरे शहर में स्वागत की तैयारियों के बीच पोस्टर को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में विवाद भी खूब बहस का कारण बना।

जल, थल और वायु से स्वागत

जाजमऊ क्षेत्र में पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष का अनूठे अंदाज में अभिनंदन किया गया। गंगा नदी में नावों पर सवार कार्यकर्ताओं ने भगवा गुब्बारे छोड़े, जबकि ड्रोन के जरिए पुष्पवर्षा की गई। कार्यकर्ताओं ने छह बुलडोजरों से भी फूल बरसाकर अपना उत्साह जताया। स्वागत स्थल पर लगभग 200 किलो फूलों की व्यवस्था की गई थी। कानपुर दक्षिण के जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने ड्रोन से आसमान में पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न प्रदर्शित किया।

न्योते के साथ हल्की-चावल

गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बुधवार शाम व्यापारियों से मिलकर हल्दी-चावल देकर स्वागत में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आशीर्वाद से मजबूत हुई है।

मुस्लिम महिलाओं की उपस्थिति

स्वागत कार्यक्रम में एक उल्लेखनीय पहलू जाजमऊ क्षेत्र की मुस्लिम महिलाओं का एक समूह भी था, जो हाथों में फूल और पार्टी झंडे लेकर पहुंचा था। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होकर अभिनंदन करने की इच्छा जताई।

पोस्टर विवाद ने बढ़ाया तनाव
हालांकि, स्वागत की तैयारियों के दौरान एक विवाद ने तनाव पैदा कर दिया। स्वागत स्थल पर लगे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के होर्डिंग के ऊपर विधायक महेश त्रिवेदी का पोस्टर लगाए जाने से कार्यकर्ताओं के बीच खूब बहस छिड़ गई। आरोप-प्रत्यारोप के बीच पोस्टर फाड़े जाने के आरोप भी लगे। मंच पर कुछ देर तक तनावपूर्ण माहौल रहा, लेकिन विवादित होर्डिंग वहीं रहा।

50 से अधिक स्थानों पर समर्थन

भाजपा के क्षेत्रीय प्रवक्ता अनूप अवस्थी ने बताया कि रोड शो के दौरान शहर के 14 प्रमुख चौराहों पर माल्यार्पण किया गया और 50 से अधिक स्थानों पर विभिन्न व्यापारिक, सामाजिक संगठनों व पार्टी प्रकोष्ठों ने अध्यक्ष का स्वागत किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में पार्टी की उपस्थिति को मजबूत करना और आगामी चुनावों के लिए जमीन तैयार करना बताया जा रहा है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *