आज की ताजा खबर

पनवाड़ी में दबंगों की दबंगई छात्र को गोली मारकर किया घायल,क्षेत्र में दहशत

top-news

पनवाड़ी (महोबा)। पनवाड़ी थाना क्षेत्र में दबंगई की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां राठ रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास दबंग युवकों ने 17 वर्षीय छात्र को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल छात्र की पहचान दीपांश पुत्र भूपेन्द्र पासवान, उम्र लगभग 17 वर्ष, निवासी मुहाल टेंडरी हरिजन बस्ती तिगैला, पनवाड़ी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपांश का एक मित्र पूर्व में हुए किसी विवाद के चलते कुछ दबंग युवकों के निशाने पर था।
आरोप है कि दबंग युवकों ने दीपांश के मित्र को जबरन पकड़कर मारपीट करने के उद्देश्य से बाइक पर बैठाकर राठ रोड स्थित पेट्रोल पंप की ओर ले जा रहे थे। जैसे ही इस बात की जानकारी दीपांश को हुई, वह अपने मित्र को बचाने के लिए मौके पर पहुंच गया और आरोपियों का विरोध करने लगा।
इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक दबंग युवक ने अवैध तमंचा निकाल लिया और फायरिंग कर दी। बीच-बचाव कर रहे दीपांश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
सूचना मिलते ही पनवाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।


https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *