आज की ताजा खबर

जी राम जी योजना से गांवों को नई दिशा, विपक्ष दिशाहीन: साक्षी महाराज

top-news

सफीपुर (उन्नाव), 23 जनवरी।
भारत राष्ट्र गांवों में बसता है और गांवों में रहने वाले किसान, गरीब व झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों की आजीविका को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी राम जी योजना लागू की है। इस योजना के तहत ग्रामीणों को 125 दिन का सुनिश्चित रोजगार और बढ़ा हुआ पारिश्रमिक मिलेगा, जिससे उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा। यह बातें उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने विकासखंड सफीपुर की ग्राम सभा मखदूम नगर में आयोजित ग्राम चौपाल के दौरान कहीं।

सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि विकसित भारत का सपना ग्रामीण विकास के बिना संभव नहीं है और दुनिया की कोई भी ताकत मोदी सरकार के इस लक्ष्य में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज विपक्ष दिशाहीन हो चुका है और राष्ट्र निर्माण को लेकर उसके पास कोई ठोस एजेंडा नहीं है, जिसे जनता भली-भांति समझ चुकी है।

उन्होंने मोदी सरकार के विकास और विरासत के संगम को अनूठा बताते हुए राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर सहित कई कार्यों को सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की मिसाल बताया। साथ ही सनातन धर्म की अवधारणा “सर्वे भवन्तु सुखिनः” को विश्व कल्याण का आधार बताया।

इससे पूर्व क्षेत्रीय विधायक बंबालाल दिवाकर ने जी राम जी योजना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य से निकालकर उत्तम प्रदेश बनाया है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौर में प्रदेश अराजकता और अपराध का गढ़ बन चुका था।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने आयोजन के लिए विधायक का आभार जताते हुए संगठन के प्रति पूर्ण समर्पण का भरोसा दिलाया। ग्राम प्रधान उमा देवी ने सांसद, विधायक व मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल और प्रदर्शनी ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र रहे। संचालन गजेंद्र सिंह ने किया।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *