आज की ताजा खबर

कानपुर में बक्से के अंदर से निकला युवती का प्रेमी, 45 मिनट तक बंद रहा

top-news top-news

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जहां एक युवती का प्रेमी घर के अंदर रखे बड़े बक्से में बंद मिला। युवती ने उसे उस समय बक्से में छिपा दिया, जब उसकी चाची अचानक घर पहुंच गई। प्रेमी करीब 45 मिनट तक बक्से के अंदर बंद रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ताला खुलवाकर युवक को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, चकेरी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का पड़ोस में रहने वाले युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार सुबह युवती का बड़ा भाई ट्रैक्टर लेकर बाहर चला गया था, जबकि उसकी मां फैक्ट्री में काम करने चली गई थी। घर में कोई नहीं होने पर युवती ने फोन कर अपने बॉयफ्रेंड को बुला लिया। युवक बाइक से करीब सुबह 11:30 बजे युवती के घर पहुंचा।

इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली युवती की चाची वहां पहुंच गई। चाची को एक कमरे से किसी लड़के की आवाज सुनाई दी। शक होने पर उसने दरवाजा खटखटाया और युवती को आवाज दी, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया। घबराकर युवती ने अपने प्रेमी को कमरे में रखे एक बड़े बक्से के अंदर छिपा दिया और बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद उसने कमरे का दरवाजा खोला।

चाची ने कमरे में किसी के होने की बात कही तो युवती उनसे उलझ गई। चाची ने तुरंत घर का मेन गेट बाहर से बंद कर दिया और युवती की मां व भाई को फोन कर बुला लिया। कुछ देर बाद युवती का भाई मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी।

घरवालों ने कमरे और पूरे घर में युवक की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। तभी बक्से के अंदर से आहट सुनाई दी। घरवालों ने युवती से बक्सा खोलने की चाबी मांगी, लेकिन उसने इंकार कर दिया। इसके बाद ताला तोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

करीब दोपहर 12 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवती को फटकार लगाई, जिसके बाद उसने बक्से का ताला खोला। ताला खुलते ही बक्से के अंदर से युवक बाहर निकला। इस दौरान परिजन उसे पीटने पर उतारू हो गए, लेकिन पुलिस ने बीच-बचाव कर युवक को सुरक्षित निकाला।

पुलिस युवती और उसके प्रेमी को चौकी ले गई, जहां दोनों से पूछताछ की गई। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि युवक उसी मोहल्ले का रहने वाला है और उसका घर युवती के घर से सात मकान छोड़कर है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *