आज की ताजा खबर

महोबा में आदमखोर लकड़बग्घे का आतंक, चरवाहे पर जानलेवा हमला, रेस्क्यू में वनकर्मी गंभीर घायल

top-news


महोबा - आदमखोर लकड़बग्घे का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कबरई थाना क्षेत्र के गंज गांव में जंगल में बकरी चराने गए एक चरवाहे पर लकड़बग्घे ने अचानक हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, लकड़बग्घे को पकड़ने पहुंची वन विभाग की टीम पर भी यह जानवर हमला कर बैठा, जिसमें एक प्राइवेट वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंज गांव निवासी चरवाहा बोरा दोपहर के समय जंगल में बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे लकड़बग्घे ने अचानक उस पर हमला बोल दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला। चरवाहे की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे जानवर के चंगुल से छुड़ाया। घायल अवस्था में चरवाहे को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और गांव के समीप जंगल क्षेत्र में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी प्रयासों के बाद टीम ने लकड़बग्घे को घेर लिया। इसी दौरान रेस्क्यू में शामिल प्राइवेट वनकर्मी प्रमोद कुमार पिंजरे के करीब पहुंचे और जानवर को काबू में करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि प्रमोद ने लकड़बग्घे पर कवर डाल दिया था, लेकिन अत्यधिक आक्रामक हो चुके जानवर ने कवर को फाड़ते हुए अचानक प्रमोद पर हमला कर दिया।
लकड़बग्घे ने वनकर्मी को जबड़ों में जकड़कर लहूलुहान कर दिया। टीम के अन्य सदस्यों ने शोर मचाकर और लाठियों की मदद से किसी तरह प्रमोद को छुड़ाया। घायल वनकर्मी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह लकड़बग्घा पिछले कई दिनों से इलाके में घूम रहा था, जिससे गांव में पहले से ही भय का माहौल था। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत दोनों देखी जा रही है। वन विभाग द्वारा रेस्क्यू अभियान जारी है और लकड़बग्घे की तलाश की जा रही है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि घायल चरवाहे को गंभीर अवस्था में हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि घायल वनकर्मी का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
इस घटना ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और रेस्क्यू तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और वन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *