आज की ताजा खबर

गणतंत्र दिवस से पहले बड़ी सौगात, 25 जनवरी को खुलेगा फरधान आरओबी फ्लाईओवर

top-news

लखीमपुर खीरी, 23 जनवरी। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर लखीमपुर खीरी वासियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। एनएच-730 पर स्थित बहुप्रतीक्षित फरधान आरओबी फ्लाईओवर को 25 जनवरी को जनता के लिए खोलने की तैयारी अंतिम चरण में है। इसके शुरू होते ही लखीमपुर से गोला आने-जाने वालों को जाम से निजात मिलेगी और सफर पहले से कहीं ज्यादा सुगम होगा।

शुक्रवार को सीडीओ अभिषेक कुमार ने फरधान आरओबी निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधूरे कार्य को लेकर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्था को दो दिन के भीतर शेष कार्य पूर्ण करने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और तय समयसीमा में काम पूरा हर हाल में कराया जाए।

सीडीओ ने बताया कि फ्लाईओवर के चालू हो जाने से फरधान रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को राहत मिलेगी। खासकर स्कूली वाहन, एंबुलेंस और रोज़ाना आवागमन करने वाले लोगों का समय बचेगा। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा मानकों, रोड मार्किंग, लाइटिंग और अप्रोच रोड को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए।

फरधान आरओबी के शुरू होने से न केवल यातायात सुचारू होगा, बल्कि क्षेत्र के व्यापार और आवागमन को भी नई रफ्तार मिलेगी। वर्षों से प्रतीक्षित इस फ्लाईओवर को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह है और गणतंत्र दिवस से पहले इसे खुलवाने की प्रशासनिक पहल की सराहना की जा रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *