आज की ताजा खबर

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत विज्ञान प्रदर्शनी, छात्रों ने दिखाया नवाचार का दम

top-news top-news

कानपुर नगर। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत जनपद में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, नवाचार क्षमता और तार्किक दृष्टिकोण को विकसित करने के उद्देश्य से विज्ञान प्रदर्शनी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने विज्ञान आधारित मॉडल, प्रयोग और नवाचारी विचार प्रस्तुत कर दर्शकों और अतिथियों को प्रभावित किया। प्रदर्शनी में ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण, तकनीक और दैनिक जीवन से जुड़े विषयों पर बनाए गए मॉडलों ने बच्चों की रचनात्मकता को उजागर किया।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में जिज्ञासा, प्रयोगशीलता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना है, जो भविष्य के सशक्त भारत की मजबूत नींव है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को सोचने, समझने और नया करने की प्रेरणा देते हैं। मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विज्ञान और नवाचार आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखें, बल्कि प्रयोगात्मक और गतिविधि आधारित शिक्षण से भी जोड़ें।

विज्ञान प्रदर्शनी के साथ प्रश्नोत्तरी, नवाचार प्रस्तुति समेत अन्य शैक्षिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रत्येक विकास खंड से चयनित पांच विद्यार्थियों को विज्ञान प्रदर्शनी में पुरस्कार दिए गए। इसमें प्रथम पुरस्कार मनु (कक्षा 8, प्राथमिक विद्यालय भौती खेड़ा, कल्याणपुर), द्वितीय पुरस्कार मोहम्मद हसन (कक्षा 8, कंपोजिट विद्यालय गोलियापुर), तृतीय पुरस्कार दिव्यांशु कुशवाहा (कक्षा 8, कंपोजिट विद्यालय पचौर, चौबेपुर), चतुर्थ पुरस्कार रिद्विमा मिश्रा (कक्षा 7, कंपोजिट विद्यालय ओरिया, पतारा) और पंचम पुरस्कार आकाश (कक्षा 6, कंपोजिट विद्यालय अनवरगंज, प्रेम नगर) को मिला।

इसी क्रम में कक्षा 8 की क्विज प्रतियोगिता में साक्षी को प्रथम, दिव्यांशी को द्वितीय, यति को तृतीय, दिव्यांशी को चतुर्थ और राहुल को पंचम पुरस्कार प्रदान किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी के विजेता विद्यार्थियों को टैबलेट, बैग और प्रशस्ति पत्र, जबकि क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को विज्ञान किट, बैग और प्रशस्ति पत्र दिए गए। इसके साथ ही मॉडल निर्माण के लिए प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को पहले ही ₹3000 की प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई गई थी।

कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. संतोष कुमार राय, जिला पंचायती राज अधिकारी मनोज पटेल, बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह सहित समस्त समन्वयक, एसआरजी, एआरपी और बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। आयोजन को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *