आज की ताजा खबर

अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की युवक की मौत, एक घायल

top-news

नसीराबाद(रायबरेली)। थाना क्षेत्र के धरई–सिसनी मार्ग पर पिछवरिया गांव के समीप ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। 
शुक्रवार दोपहर लगभग दो बजे मौरंग व सरिया लादे मोनू ट्रेडर्स गणेश नगर मेंहदीगंज के एक ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। ट्रैक्टर और ट्राली के आगे पीछे कहीं भी वाहन का नंबर नहीं लिखा था। टक्कर से बाइक पर सवार अनूप उर्फ गोलू प्रजापति 22 वर्ष पुत्र जीतलाल, निवासी ग्राम बेवल की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसी गांव का उसका साथी रामचन्द्र 20 वर्ष पुत्र रामसजीवन गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोनों युवक मेहदी गंज स्थित बैंक में अपने खाते से संबंधित मोबाइल नंबर अपडेट कराने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही नसीराबाद थाना प्रभारी पवन कुमार सोनकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल युवक को 102 एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी नसीराबाद पहुंचाया गया, जहां मौजूद अधीक्षक डॉ. आशीष कुमार ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों ने बताया कि मृतक अनूप उर्फ गोलू रायबरेली में आईटीआई का छात्र था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां कृष्णा देवी, पिता जीतलाल, बहन साधना, भाई अनुज और छोटे भाई आवेश का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में थाना प्रभारी पवन कुमार सोनकर ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *