आज की ताजा खबर

“सस्ते टूर पैकेज का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरफ्तार”

top-news top-news

औरैया। साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी बिधूना के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर थाना औरैया की टीम ने सस्ती व लुभावनी पर्यटन यात्रा का झांसा देकर देश के विभिन्न राज्यों के लोगों से साइबर ठगी करने वाले एक अन्तर्राज्यीय अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 10 फरवरी 2026 को साइबर थाना औरैया की टीम एनसीआरपी एवं प्रतिबंधित पोर्टल पर विभिन्न राज्यों से प्राप्त शिकायतों के संबंध में थाना कोतवाली औरैया क्षेत्र में भ्रमणशील थी। इन शिकायतों में गुजरात के भरूच, तेलंगाना, लखनऊ (उत्तर प्रदेश), नई दिल्ली एवं मुंबई से जुड़े साइबर ठगी के मामले दर्ज थे। इसी दौरान मुखबिर द्वारा सूचना दी गई कि सस्ती पर्यटन यात्रा का लालच देकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाला एक व्यक्ति जिला संयुक्त चिकित्सालय (100 शैय्या अस्पताल) के पास मौजूद है।

मुखबिर की सूचना पर विश्वास करते हुए साइबर थाना टीम ने तत्परता दिखाते हुए सोमवार की देर रात करीब 02:50 बजे थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बताए गए स्थान से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 1,19,400 रुपये नकद, 02 लैपटॉप, 10 एटीएम कार्ड, 01 मोबाइल फोन तथा एक ट्रैवल्स कार्ड (टूर एड ट्रैवल्स) बरामद किया गया। बरामद सामग्री के आधार पर थाना साइबर क्राइम पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ ओमजी पुत्र इंद्रपाल सिंह निवासी ग्राम रूरूआ सांफर, थाना अजीतमल, जनपद औरैया के रूप में हुई है। सदर कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मंगलवार दोपहर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया है कि वह पूर्व में एक ट्रैवेल्स कंपनी में कार्य करता था, जहां से उसने ट्रैवल टूर पैकेज से संबंधित जानकारी प्राप्त की। बाद में उसने अपने फेसबुक अकाउंट पर “वी वांट ट्रिप” नाम से एक पेज बनाया।

अभियुक्त उक्त फेसबुक पेज के माध्यम से सस्ते व आकर्षक पर्यटन ऑफर डालकर लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता था। इच्छुक लोग पेज पर दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करते थे, जिसके बाद अभियुक्त धोखे व जालसाजी से उन्हें अपने बताए गए बैंक खातों में रुपये जमा करने के लिए प्रेरित करता था। रुपये प्राप्त होते ही वह संपर्क तोड़ देता था।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में राजीव कुमार, प्रभारी निरीक्षक थाना साइबर क्राइम सहित साइबर सेल/थाना साइबर क्राइम टीम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले सस्ते व लुभावने ऑफरों से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने को दें।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *