आज की ताजा खबर

माफिया पर फिर गिरी गाज, दुबे गैंग पर कसता शिकंजा आज!

top-news

फर्रुखाबाद। भूमाफिया अनुपम दुबे इंस्पेक्टर रामनिवास यादव व पीडब्ल्यूडी ठेकेदार मो. शमीम की हत्या के मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद इन दिनों मथुरा जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। उसके खिलाफ हुई सख्त कार्रवाई के बाद अब उसके परिवार के लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस ने माफिया अनुपम दुबे के दो हिस्ट्रीशीटर भाइयों समेत कुल छह लोगों को हिरासत में लेकर गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, अनुराग दुबे उर्फ डब्बन को फतेहगढ़ से जबकि अमित दुबे उर्फ बब्बन को मैनपुरी के नबीगंज इलाके से गिरफ्तार कर मऊदरवाजा थाने लाया गया। दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। इसके अलावा गैंग से जुड़े चार अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है।

इस कार्रवाई से पहले जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त बैठक में पूरे मामले की समीक्षा की गई। बैठक के बाद तैयार रिपोर्ट जिला न्यायालय फर्रुखाबाद को भेजी गई, जहां से संस्तुति मिलने के बाद सभी आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध पर सख्ती के लिए यह कदम जरूरी था।

गुरुवार को सभी आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने के बाद शुक्रवार सुबह उनका मेडिकल परीक्षण लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद में कराया गया। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने सभी आरोपियों को 30 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अब रिमांड के दौरान गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों, अवैध संपत्तियों और आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटाने की तैयारी कर रही है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि माफिया नेटवर्क के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *