आज की ताजा खबर

बार एसोसिएशन अध्यक्ष जीत के बाद मां से लिपटकर रोए

top-news

कानपुर। कानपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करने के बाद योगेन्द्र कुमार अवस्थी उर्फ लल्लन बेहद भावुक नजर आए। चुनाव परिणाम घोषित होते ही वह सीधे अस्पताल पहुंचे, जहां भर्ती अपनी मां को गले लगाते ही फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने कहा कि मां के आशीर्वाद से ही उन्हें यह जीत मिली है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने खुद चुनाव प्रचार नहीं किया, बल्कि वकील साथियों ने बिना प्रचार के ही उन्हें जिताया।
नवाबगंज निवासी नवनिर्वाचित अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार अवस्थी (लल्लन) की 84 वर्षीय मां मुन्नी देवी अवस्थी बीते कुछ दिनों से मधुराज हॉस्पिटल में भर्ती हैं। लल्लन के भाई ज्ञानेन्द्र अवस्थी ने बताया कि कुछ दिन पहले मां घर के आंगन में गिर गई थीं, जिससे उन्हें ब्रेन हैमरेज हो गया था। तभी से उनका इलाज चल रहा है।
मां की तबीयत बिगड़ने के बाद दोनों भाइयों ने चुनाव प्रचार से दूरी बना ली और अस्पताल में मां की सेवा में लगे रहे। लल्लन अवस्थी ने बताया कि नामांकन के कुछ ही दिन बाद यह हादसा हो गया था। ऐसे में उन्होंने चुनाव को प्राथमिकता न देकर मां के इलाज और देखभाल को पहले रखा।
हालांकि, इस दौरान अधिवक्ता साथियों ने पूरी जिम्मेदारी संभाली। कचहरी से लेकर जनसंपर्क तक, वकील साथियों ने दिन-रात मेहनत कर उनके लिए समर्थन जुटाया। इसी का नतीजा रहा कि बिना सक्रिय प्रचार के ही उन्हें अध्यक्ष पद पर जीत मिली।
चुनाव जीतने के बाद लल्लन अवस्थी सीधे अस्पताल पहुंचे और मां को गले लगाया। इस दौरान वह खुद को रोक नहीं पाए और रो पड़े। वहीं बीमार मां ने भी हाथ बढ़ाकर बेटे को आशीर्वाद दिया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भावुक कर गया।
मां से मिलने के बाद लल्लन अवस्थी ने आनंदेश्वर मंदिर में दर्शन किए और देर रात घर लौटे।लल्लन अवस्थी ने कहा कि इस जीत के असली हकदार उनके वकील साथी हैं, जिन्होंने कठिन समय में उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि मां के आशीर्वाद और साथियों की मेहनत से मिली यह जीत वह कभी नहीं भूलेंगे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *