आज की ताजा खबर

गैस की किल्लत से सुलग रहे कारोबार, व्यापारियों ने DM से लगाई गुहार

top-news

कानपुर। शहर में कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर व्यापार मंडल तथा होटल, गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने रेस्टोरेंट, नमकीन एवं मिठाई की दुकानों के लिए कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग करते हुए कहा कि जब तक यह संकट बना हुआ है तब तक शादियों में घरेलू सिलेंडर के उपयोग की अनुमति भी दी जाए।
भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को बताया कि वर्तमान समय में मिडिल ईस्ट क्षेत्र में चल रहे युद्ध के कारण देशभर में गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर कानपुर महानगर में भी साफ दिखाई दे रहा है। इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडरों के साथ-साथ कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की उपलब्धता में भी गंभीर कमी हो गई है। स्थिति यह है कि पिछले एक-दो दिनों से महानगर के कई क्षेत्रों में कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति लगभग बंद हो गई है, जिससे रेस्टोरेंट, नमकीन और मिठाई व्यवसाय सहित कई खाद्य कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो कई प्रतिष्ठानों के बंद होने की स्थिति बन सकती है।
ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि इन व्यवसायों से हजारों कारीगर, कर्मचारी और श्रमिक प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं। यदि गैस की कमी के कारण प्रतिष्ठान बंद होते हैं तो बेरोजगारी बढ़ेगी और कारीगरों के अपने गृह जनपदों को लौटने की संभावना भी बढ़ जाएगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इसलिए गैस वितरण कंपनियों को निर्देशित कर कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था को तत्काल सुचारु किया जाए।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कॉमर्शियल और घरेलू सिलेंडरों की कमी की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि गैस वितरण कंपनियों और गैस एजेंसियों से लगातार संपर्क कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को घरेलू सिलेंडर आसानी से मिल सकें और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी कॉमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जा सकें।
इस दौरान भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला महामंत्री राजकुमार भगतानी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्याम मूलचंदानी, जिला युवा अध्यक्ष आशीष मिश्र, कानपुर होटल गेस्ट स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुखबीर मलिक, के.के. गुप्ता, अब्दुल वहीद, इखलाक मिर्जा, जितेंद्र सिंह, अनुराग साहू, अनुज त्रिपाठी, आलोक वाजपेयी, भोला मिश्रा, इंदरजीत सिंह, हर्ष भटिया, सुरेंद्र जायसवाल, अर्पित यादव, ओम जी शुक्ल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *