आज की ताजा खबर

ब्रेक फेल हुई सैफई डिपो की रोडवेज बस, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

top-news top-news

इटावा। सैफई डिपो की रोडवेज बस में अचानक ब्रेक फेल हो जाने से सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चालक की सूझबूझ और त्वरित निर्णय के कारण बस में सवार सभी यात्रियों की जान बच गई, हालांकि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सैफई डिपो की रोडवेज बस सैफई से इटावा की ओर आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने की जानकारी मिलते ही बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबरा गए।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तुरंत संयम दिखाया और बस को सड़क के डिवाइडर पर चढ़ा दिया, जिससे बस की रफ्तार काफी कम हो गई। इसके बाद बस अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा की बाउंड्री से टकराते हुए सड़क पर रुक गई। टक्कर के कारण बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और बाउंड्री को भी नुकसान पहुंचा, लेकिन राहत की बात यह रही कि बस में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
बस चालक के अनुसार, सैफई डिपो में बस के ब्रेक के प्रेशर पाइप सहित कुछ अन्य मरम्मत का कार्य कराया गया था, जिसके बाद ही बस को डिपो से बाहर निकाला गया था। इसके बावजूद अचानक ब्रेक फेल हो जाने से विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उठ रहे कई गंभीर सवाल
इस घटना के बाद रोडवेज विभाग और डिपो की तकनीकी जांच व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
स्टेरिंग और ब्रेक जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील हिस्सों की मरम्मत के बाद भी यदि बस सड़क पर चलते-चलते फेल हो जाए, तो यह यात्रियों और चालक दोनों की सुरक्षा के साथ बड़ा खिलवाड़ माना जाएगा।
यदि चालक की सूझबूझ काम न आती तो यह घटना किसी बड़े हादसे में बदल सकती थी। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या सैफई डिपो में बसों की तकनीकी जांच पूरी जिम्मेदारी से की जा रही है या फिर लापरवाही के साथ वाहनों को सड़कों पर उतारा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में यात्रियों की जान जोखिम में न पड़े।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *