आज की ताजा खबर

माध्यमिक विद्यालयों की समस्याओं को लेकर शिक्षकों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

top-news

इटावा। जनपद के माध्यमिक विद्यालयों में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शिक्षकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो जनपद के शिक्षक-शिक्षिकाएं बोर्ड परीक्षा 2026 के मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार करने को बाध्य होंगे।
ज्ञापन में बताया गया कि महात्मा गांधी सैनिक इंटर कॉलेज, पछायगांव में कार्यरत तीन शिक्षक—सूर्यनाथ राम, पंकज कुमार कनौजिया और राजेश कुमार—का निलंबन विद्यालय निरीक्षक द्वारा शिक्षकों का पक्ष सुने बिना अनुमोदित कर दिया गया है। शिक्षकों का कहना है कि यह कार्रवाई इंटरमीडिएट एजुकेशन एक्ट के प्रावधानों के विपरीत है। संगठन ने मांग की है कि निलंबन को निरस्त करते हुए संबंधित शिक्षकों को उनके मूल विद्यालय में पुनः पदस्थापित किया जाए, जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित न हो और छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल असर न पड़े।
इसके अतिरिक्त ज्ञान चन्द्र जैन वैद्य इंटर कॉलेज, इकदिल में 12 शिक्षकों की जुलाई 2025 से देय वार्षिक वेतन वृद्धि बिना किसी पर्याप्त कारण के रोक दी गई है। शिक्षकों का आरोप है कि लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। साथ ही आयोग से चयनित शिक्षक होने के बावजूद एक निजी व्यक्ति को प्रधानाचार्य नियुक्त कर विद्यालय का संचालन निजी संस्थान की भांति किया जा रहा है, जिससे छात्र हित प्रभावित हो रहे हैं।
वहीं सर्वोदय इंटर कॉलेज, लौंगपुर में जनवरी 2026 से शिक्षकों व कर्मचारियों का वेतन जारी न होने से सभी शिक्षक आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा पांच शिक्षकों के वेतन से अवैध कटौती कर वेतन जारी करने का प्रयास किया जा रहा है। शिक्षकों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर नियमानुसार पूरा वेतन भुगतान कराने की मांग की है।
इसके अलावा जनता विद्यालय इंटर कॉलेज, बकेवर में जुलाई 2025 में मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से आकस्मिक व चिकित्सकीय अवकाश स्वीकृत होने के बावजूद वेतन में की गई कटौती अब तक जारी नहीं की गई है, जिससे शिक्षकों में असंतोष बना हुआ है।
शिक्षकों का कहना है कि इन समस्याओं से कई बार जिला विद्यालय निरीक्षक इटावा को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में संज्ञान लेकर समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।
शिक्षकों ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनपद के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं बोर्ड परीक्षा 2026 के मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *